Soren Government Laid Red Carpet For Bangladeshi Infiltrators Home Minister Amit Shah Big Allegation On Cm Hemant In Jharkhand
'बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए सोरेन सरकार ने बिछाई रेड कार्पेट', झारखंड में CM हेमंत पर गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा आरोप
Jharkhand Assembly Elections 2024 : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को झारखंड की औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में एनडीए प्रत्याशियों के साथ रोड शो किया. इस दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
Jharkhand Assembly Elections 2024 : झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और इस क्रम में कई राजनीतिक पार्टियों ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड की कमान अपने हाथ में ले ली है. शनिवार को प्रदेश में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड के वर्तमान सरकार ने लाल कालीन (रेड कार्पेट) बिछाकर बांग्लादेशी घुसपैठियों का स्वागत किया.
‘घुसपैठियों के लिए लाल कालीन बिछाया’
चुनावी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने वादा किया कि अगर सत्ता में आए तो भाजपा ‘घुसपैठियों’ को प्रदेश से बाहर निकालेगी. पोटका में एक रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा, ‘जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए लाल कालीन बिछाया है, जो झारखंड में बसते हैं और आदिवासियों की जमीन, युवाओं का रोजगार हड़पते हैं और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होते हैं. भाजपा का शासन बनने दीजिए. उन्हें निर्वासित कर दिया जाएगा और किसी परिंदे को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.’
बेटियों से शादी कर रहे घुसपैठिये
वहीं, हजारीबाग में एक अन्य रैली में शाह ने आरोप लगाया, ‘बांग्लादेशी घुसपैठिये नौकरियां हड़प रहे हैं, झारखंड की बेटियों से शादी कर रहे हैं.’ इसके अलावा अमित शाह ने झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस, झामुमो सरकार पूरे देश में सबसे भ्रष्ट सरकार है. इसे बदलने की जरूरत है…अगर आप इस भ्रष्टाचार को रोकना चाहते हैं, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकें. जिन लोगों ने आपका पैसा चुराया है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.’
जमशेदपुर में अमित शाह के रोड शो में उमड़ी भीड़
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को झारखंड की औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में एनडीए प्रत्याशियों के साथ रोड शो किया. इस दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोग ‘जय श्रीराम’, ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’, ‘अमित शाह जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाते रहे. अमित शाह एक खुले वाहन में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू और जमशेदपुर पश्चिमी के जदयू प्रत्याशी सरयू राय सहित कुछ अन्य भाजपा नेताओं के साथ सवार थे. सड़कों के दोनों किनारों पर हजारों लोग उनकी झलक पाने को खड़े रहे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.