Tamil Nadu Rain Alert: तमिलनाडु में रविवार और सोमवार को हुई बेमौसम मूसलाधार बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है. दक्षिण तमिलनाडु के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. यहां इलाकों में बसे गांव, कस्बे, सड़कें और राजमार्ग पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं. सड़कों पर बारिश का पानी इस तरह बह रहा है जैसे कोई नदी हो. बेमौसम हुई बारिश के चलते लोगों की मदद के लिए अब भारतीय वायु सेना को मैदान में उतरना पड़ा है.
दरअसल, तमिलनाडु में मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं. फिलहाल वायु सेना अपने एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर के जरिए राहत व बचाव कार्य कर रही है. न्यूज एजेंसी ANI ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर एक गर्भवती महिला और 1.5 साल के बच्चे सहित चार यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखे.
इससे पहले सोमवार को भारतीय वायु सेना ने ट्वीट करते हुए कहा था कि, 18 दिसंबर को तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में अभूतपूर्व बारिश से तिरुनेलवेली और थुथुकुडी जिले में बाढ़ आ गई है. आईएएफ ने तेजी से प्रतिक्रिया दी और सुलूर के वायु सेना स्टेशन को मानवीय सहायता और राहत व बचाव के लिए मैदान में उतार दिया है. तमिलनाडु के मुख्य सचिव शिव दास मीणा की मानें तो बाढ़ में फंसे लोगों में से कम से कम 7,500 लोगों सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बाढ़ पीड़ितों को 84 राहत शिविरों में रखा गया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण तमिलनाडु के 39 क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. तूत्तुक्कुडि, तिरुनेलवेली, तेनकासी और कन्याकुमारी जिलों अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई है. आईएमडी ने आज (19 दिसंबर) को कन्याकुमारी, तूत्तुक्कुडि, तिरुनेलवेली, तेनकासी जिलों के कुछ हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना जताई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.