Are You Dead : इन दिनों Are You Dead नाम एक चाइनींज ऐप की चर्चा चारों तरफ हो रही है.इस ऐप को पिछले साल मई में लॉन्च किया गया था, लेकिन करीब आठ महीने बाद यह अचानक लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. सोशल मीडिया पर हर जगह इसी ऐप की बात हो रही है. इसकी सबसे खास बात यह है कि यह अकेले रहने वाले लोगों की सुरक्षा और खैरियत पर नजर रखता है. ऐप का नाम थोड़ा अजीब जरूर है, लेकिन इसका मकसद बहुत गंभीर और मददगार है. यह उन लोगों के लिए बनाया गया है जो अकेले रहते हैं और जिनके परिवार या दोस्त उनसे रोज संपर्क नहीं कर पाते. यही कारण है कि बहुत कम समय में यह चीन का सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला पेड ऐप बन गया है. लोग इसे अपनी सुरक्षा के लिए एक आसान और भरोसेमंद तरीका मान रहे हैं.
कैसे करता है ये ऐप काम?
इस ऐप में एक हरे रंग का बटन दिया गया है, जिसे यूजर को हर 48 घंटे में एक बार दबाना होता है. इसका मतलब यह होता है कि वह सुरक्षित है और किसी परेशानी में नहीं है. अगर कोई यूजर 48 घंटे तक यह बटन नहीं दबाता, तो ऐप अपने आप उसके इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को अलर्ट भेज देता है. इसमें पहले से ही परिवार के किसी सदस्य या करीबी दोस्त का नाम और ईमेल दर्ज करना होता है. जैसे ही अलर्ट जाता है, उन्हें यह जानकारी मिलती है कि संबंधित व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पा रहा है और वह किसी मुसीबत में हो सकता है. इस तरह यह ऐप बिना ज्यादा झंझट के एक मजबूत सेफ्टी सिस्टम बन जाता है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी बड़े रजिस्ट्रेशन या जटिल सेटअप की जरूरत नहीं होती.
क्यों बढ़ रही है इसकी लोकप्रियता?
इस ऐप की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण चीन में अकेले रहने वाले लोगों की तेजी से बढ़ती संख्या है. रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2030 तक चीन में करीब 20 करोड़ लोग अकेले रहने लगेंगे. ऐसे में एक ऐसा टूल, जो परिवार को यह भरोसा दिलाए कि उनका अपना सुरक्षित है, बहुत जरूरी हो जाता है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह ऐप Demumu नाम से जाना जाता है और अमेरिका, सिंगापुर, हांगकांग, ऑस्ट्रेलिया और स्पेन जैसे देशों में भी यह टॉप रैंकिंग ऐप्स में शामिल है. Apple App Store पर इसे एक “लाइटवेट सेफ्टी टूल” बताया गया है.
ऐप यूज करने के लिए देने पड़ते हैं पैसे
शुरुआत में यह ऐप फ्री था, लेकिन बाद में इसे पेड कैटेगरी में डाल दिया गया. चीन में इसकी कीमत सिर्फ 8 युआन यानी करीब 100 रुपए है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इसे बनाने में करीब 1000 युआन यानी लगभग 13 हजार रुपए खर्च हुए थे. इस ऐप को बनाने वाली टीम में तीन लोग हैं और इनमें से एक का नाम Lyu बताया जाता है. उन्होंने कहा कि यह ऐप खासतौर पर बड़े शहरों में अकेले रहने वाले युवाओं, खासकर 25 साल की लड़कियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. सुरक्षा को लेकर डेवलपर्स ने बताया है कि यूजर की जानकारी, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट और चेक-इन रिकॉर्ड को एन्क्रिप्शन के जरिए सुरक्षित रखा जाता है. यही वजह है कि लोग इस ऐप पर भरोसा कर रहे हैं और इसे तेजी से अपना रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Technology की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.