WhatsApp vs Telegram: आपकी चैट्स के लिए कौन है ज्यादा सुरक्षित? जानिए सिक्योरिटी की असली जंग का विजेता
WhatsApp vs Telegram: क्या WhatsApp पर आपकी चैट्स वाकई सुरक्षित हैं या Telegram बाजी मार ले जाता है? जानिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की असली सच्चाई और समझें कि सिक्योरिटी और प्राइवेसी की इस महाजंग में आपकी पर्सनल चैट्स के लिए कौन सा ऐप है सबसे भरोसेमंद विजेता.
Whatsapp vs Telegram
- WhatsApp और Telegram में ज्यादा सुरक्षित कौन-सा ऐप है?
- WhatsApp या Telegram, किसके पास फीचर्स की भरमार है?
- कौन-सा ऐप यूजर्स की प्राइवेस और सुरक्षा को ध्यान में रखता है.
WhatsApp vs Telegram: क्या आप भी अपनी सीक्रेट चैट, पर्सनल फोटोज और जरूरी डॉक्यूमेंट्स धड़ल्ले से शेयर करने के लिए WhatsApp या Telegram का इस्तेमाल करते हैं? ऐसा करते समय क्या आपने कभी ये सोचा है कि ये ऐप्स पूरी तरह से सिक्योर हैं? इन ऐप्स में डाटा शेयर करते समय बंद दरवाजों के पीछे, आपकी इन चैट्स को ताक-झांक करने वाली नजरों से बचाने के लिए कौन सा ऐप ज्यादा मजबूत दीवार खड़ी करता है? अक्सर हम 'End-to-End Encryption' जैसे भारी-भरकम शब्दों को देखकर यह मान लेते हैं कि हमारा डाटा पूरी तरह सुरक्षित हैं. लेकिन प्राइवेसी की इस गहरी दुनिया में जो दिखता है, वो हमेशा सच नहीं होता. एक तरफ दुनिया का सबसे पॉपुलर ऐप WhatsApp है, तो दूसरी तरफ फीचर्स का समंदर कहे जाने वाला Telegram. ऐसे में आइए जानते हैं भरोसे के मामले में इन दोनों में से कौन-सा ऐप बेस्ट है.
WhatsApp के क्या फायदे हैं?
आज के समय में दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप्स में से एक WhatsApp है जिसे साल 2009 में लॉन्च किया गया था और आज इस ऐप का स्वामित्व Meta के पास है. दुनियाभर में WhatsApp के 2 अरब से अधिक एक्टिव यूजर्स हैं. WhatsApp की मदद से यूजर्स टेक्स्ट मैसेज, वॉयस कॉल, वीडियो कॉल, फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट्स आसानी से शेयर कर सकते हैं WhatsApp भी अपने यूजर्स को नई सुविधा मुहैया कराने के लिए आए दिन नए फीचर्स व अपडेट पेश करता है.
WhatsApp के प्रमुख फीचर्स
- इंस्टेंट टेक्स्ट मैसेजिंग
- हाई क्वालिटी वॉयस और वीडियो कॉल
- ग्रुप चैट की सुविधा
- फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट शेयरिंग
- वॉयस मैसेज
- स्टेटस अपडेट फीचर
- लाइव लोकेशन शेयरिंग
WhatsApp में सिक्योरिटी और प्राइवेसी फीचर्स
WhatsApp की कोशिश रहती है कि उसके यूजर्स सिक्योर रहे और उनका डाटा भी सेफ रहे. इसके लिए कंपनी अभी तक कई फीचर्स पेश कर चुकी है. आइए जानते हैं WhatsApp के सिक्योरिटी फीचर्स के बारे में जो कि आजकल बेहद ही जरूरी है. खासतौर पर ऐसे समय में जब स्कैम, डाटा लीक या हैक जैसी घटनाएं रोज घट रही हैं.
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन: WhatsApp की सबसे बड़ी खासियत इसका डिफॉल्ट एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन है. इसका मतलब है कि आपकी चैट, कॉल, फोटो और वीडियो केवल आप और रिसीवर ही देख सकते हैं. इसके अलावा कोई अन्य आपकी चैट की डिटेल नहीं देख सकता.
टू-स्टेप वेरिफिकेशन: यूजर्स अपने अकाउंट पर अतिरिक्त सुरक्षा के लिए PIN आधारित टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन कर सकते हैं. जो कि सुरक्षा के लिहाज के बेहद जरूरी है.
प्राइवेसी कंट्रोल: WhatsApp यूजर्स खुद यह तय कर सकते हैं कि उनका Last Seen, Profile Photo, Status और About कौन देख सकता है और कौन नहीं.
डिसअपीयरिंग मैसेज: WhatsApp ने कुछ समय पहले ही इस फीचर को इंट्रोड्यूस कराया था. इस फीचर की मदद से मैसेज निर्धारित समय के बाद अपने आप डिलीट हो जाते हैं.
फिंगरप्रिंट लॉक: WhatsApp को फिंगरप्रिंट या बायोमेट्रिक लॉक से सुरक्षित किया जा सकता है.
सिक्योर बैकअप: WhatsApp एन्क्रिप्टेड चैट बैकअप की सुविधा भी देता है, जिससे डेटा ज्यादा सुरक्षित रहता है.
Telegram क्या है?
WhatsApp के बाद अब बात करते हैं Telegram के बारे में, जो कि एक क्लाउड-आधारित मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे 2013 में पावेल डुरोव द्वारा लॉन्च किया गया था. यह ऐप अपनी स्पीड, एडवांस फीचर्स और कस्टमाइजेशन के लिए जाना जाता है. Telegram को Android, iOS, Windows, macOS और Web सहित कई प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल किया जा सकता है. यूजर्स के बीच बेहद ही पॉपुलर है. हालांकि, अभी NEET पेपर लीक की वजह से यह चर्चाओं में छाया हुआ है और भारत सरकार द्वारा इसे 22 जून 2026 तक के लिए बैन कर दिया गया है. आइए जानते हैं Telegram के खास फीचर्स के बारे में.
Telegram के प्रमुख फीचर्स
क्लाउड-बेस्ड मैसेजिंग: Telegram की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आपके मैसेज क्लाउड में स्टोर रहते हैं, जिससे आप एक साथ कई डिवाइस पर अकाउंट एक्सेस कर सकते हैं.
बड़े ग्रुप्स और चैनल: Telegram में 2 लाख तक सदस्यों वाले ग्रुप बनाए जा सकते हैं. वहीं चैनल फीचर के जरिए लाखों लोगों तक संदेश पहुंचाया जा सकता है.
बॉट्स सपोर्ट: Telegram ऐप पर ऑटोमेटेड बॉट्स की सुविधा मिलती है, जिनका इस्तेमाल न्यूज, कस्टमर सपोर्ट और अन्य कई कार्यों के लिए किया जा सकता है.
बड़ी फाइल शेयरिंग: Telegram पर यूजर्स को 2GB तक की बड़ी फाइल्स आसानी से शेयर करने की भी सुविधा मिलती है.
वॉयस और वीडियो कॉल: अन्य मैसेजिंग ऐप्स की तरह ही Telegram भी हाई क्वालिटी वॉयस और वीडियो कॉल की सुविधा देता है.
Telegram के सिक्योरिटी और प्राइवेसी फीचर्स
सीक्रेट चैट: Telegram में यूजर्स को एक Secret Chat फीचर मिलता है, जिसमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन उपलब्ध होता है.
सेल्फ-डिस्ट्रक्ट मैसेज: Telegram में यह भी सुविधा दी गई है कि Secret Chat में भेजे गए मैसेज तय समय के बाद अपने आप डिलीट हो सकते हैं.
टू-स्टेप वेरिफिकेशन: WhatsApp की तरह Telegram भी अतिरिक्त सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन प्रदान करता है.
पासकोड और बायोमेट्रिक लॉक: इसमें भी यूजर्स ऐप को पासकोड, फिंगरप्रिंट या फेस आईडी से सुरक्षित कर सकते हैं.
अकाउंट सेल्फ-डिस्ट्रक्ट: अगर लंबे समय तक अकाउंट इस्तेमाल नहीं किया जाता है, तो Telegram उसे ऑटोमैटिक डिलीट करने का विकल्प देता है.
ओपन API और प्रोटोकॉल: Telegram का ओपन API डेवलपर्स और सिक्योरिटी रिसर्चर्स को इसके सिस्टम की समीक्षा करने की अनुमति देता है.
WhatsApp और Telegram में कौन ज्यादा सुरक्षित है?
WhatsApp और Telegram दोनों के सभी सिक्योरिटी फीचर्स के बारे में जानने के बाद अब आपके दिमाग में यह सवाल आया होगा कि आखिर दोनों में से कौन-सा ऐप ज्यादा सुरक्षित है. अगर डिफॉल्ट सिक्योरिटी की बात करें, तो WhatsApp इस रेस में आगे नजर आता है क्योंकि इसमें सभी चैट्स और कॉल्स पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले से लागू होता है.
वहीं Telegram में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन केवल Secret Chats में उपलब्ध होता है. सामान्य चैट्स क्लाउड पर स्टोर रहती हैं, जिससे मल्टी-डिवाइस एक्सेस आसान हो जाता है, लेकिन सिक्योरिटी मॉडल WhatsApp से अलग है. हालांकि Telegram कस्टमाइजेशन, बड़े ग्रुप्स, चैनल्स और एडवांस फीचर्स के मामले में WhatsApp से कहीं ज्यादा विकल्प देता है.
निष्कर्ष
अगर आपकी प्राथमिकता अधिकतम प्राइवेसी और डिफॉल्ट सुरक्षा है, तो WhatsApp बेहतर विकल्प माना जा सकता है. वहीं अगर आप बड़े कम्युनिटी ग्रुप्स, चैनल्स, क्लाउड एक्सेस और एडवांस फीचर्स चाहते हैं, तो Telegram आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें