FIFA World Cup 2026: फर्जी मुफ्त स्ट्रीमिंग एप डाउनलोड करते ही खाली हो जा रहा है बैंक अकाउंट, पुलिस ने दी चेतावनी

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:June 12, 2026 4:47 PM IST

FIFA World Cup 2026: केरल पुलिस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नाम पर चल रहे फर्जी स्ट्रीमिंग ऐप से सावधान रहने की सलाह दी है. ये ऐप बैंक खाते और निजी जानकारी को खतरे में डाल सकते हैं.

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. केरल पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले कुछ फर्जी स्ट्रीमिंग ऐप्स से सावधान रहें. ये ऐप्स दावा करते हैं कि वे फीफा वर्ल्ड कप के सभी मैच बिना किसी शुल्क के दिखाएंगे. फुटबॉल प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े ऑफर और लुभावने विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं, जिनके जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है.

Advertising
Advertising

कैसे होती है यूजर्स के साथ धोखाधड़ी?

PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुताबिक फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, व्हाट्सएप और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर "फीफा वर्ल्ड कप लाइव फ्री", "1000 से ज्यादा टीवी चैनल फ्री" और "प्रीमियम ओटीटी कंटेंट फ्री" जैसे विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं. इन विज्ञापनों में दिए गए लिंक यूजर्स को ऐसे ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं जो देखने में बिल्कुल असली ऐप जैसे लगते हैं. कई लोग इन्हें भरोसेमंद समझकर डाउनलोड भी कर लेते हैं.

ऐप इंस्टॉल करते ही शुरू हो जाता है खेल

फर्जी ऐप डाउनलोड करने के बाद यूजर्स को सॉफ्टवेयर अपडेट, सब्सक्रिप्शन एक्टिवेशन या दूसरी सेवाएं चालू करने के निर्देश दिए जाते हैं. जैसे ही यूजर इन निर्देशों का पालन करता है, ऐप मोबाइल की कई जरूरी परमिशन मांग लेता है. इनमें स्क्रीन देखने, नोटिफिकेशन पढ़ने और फोन की दूसरी सुविधाओं तक पहुंच की अनुमति शामिल होती है. कई लोग बिना सोचे-समझे इन परमिशन को मंजूरी दे देते हैं.

बैंक खाते तक पहुंच सकते हैं साइबर ठग

पुलिस का कहना है कि एक बार जरूरी परमिशन मिलने के बाद फोन की सुरक्षा कमजोर हो जाती है. इसके बाद साइबर अपराधी मोबाइल के अलग-अलग ऐप्स तक पहुंच बना सकते हैं. सबसे बड़ा खतरा बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स को लेकर होता है. ठग यूजर की जानकारी के बिना लेनदेन कर सकते हैं और खाते से पैसे निकाल सकते हैं. इसलिए किसी भी अनजान ऐप को डाउनलोड करने से पहले पूरी जांच करना जरूरी है.

सुरक्षित रहने के लिए क्या करें?

केरल पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि फीफा वर्ल्ड कप या किसी भी अन्य कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए सोशल मीडिया पर मिले ऐप लिंक पर भरोसा न करें. किसी भी ऐप को केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म जैसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें. साथ ही किसी ऐप को अनावश्यक परमिशन देने से बचें और मोबाइल में सुरक्षा अपडेट हमेशा चालू रखें.

मोबाइल, लैपटॉप और टीवी पर कैसे देखें फीफा वर्ल्ड कप 2026?

भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स Zee के पास हैं. ऐसे में दर्शक Zee5 ऐप और वेबसाइट के जरिए मैच लाइव देख सकते हैं. स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्ट टीवी, लैपटॉप और डेस्कटॉप पर Zee5 के माध्यम से स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी. इसके लिए Zee5 का सब्सक्रिप्शन लेना होगा या ऐसा टेलीकॉम प्लान चुनना होगा जिसमें Zee5 की सुविधा शामिल हो. वहीं बड़े स्क्रीन पर मैच देखने वाले दर्शक Zee के स्पोर्ट्स चैनलों के जरिए मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं. कुछ बड़े मुकाबले, जिनमें ओपनिंग मैच, कुछ नॉकआउट मुकाबले, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं, डीडी स्पोर्ट्स पर भी दिखाए जाएंगे. फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होगी और टूर्नामेंट 19 जुलाई तक चलेगा.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें