Instagram AI Content: इंस्टाग्राम के CEO एडम मोसेरी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना कंटेंट सोशल मीडिया के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. AI की मदद से बनाई गई तस्वीरें और वीडियो इतने असली लगने लगे हैं कि आने वाले समय में उन्हें पहचानना मुश्किल होगा. इससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भरोसा कम हो सकता है. मोसेरी का मानना है कि अगर इंस्टाग्राम समय रहते खुद को नहीं बदलेगा, तो उसकी विश्वसनीयता पर असर पड़ सकता है. इसलिए प्लेटफॉर्म को तेजी से नए बदलाव अपनाने होंगे. आपको बता दें की वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म Youtube पहले ही AI कंटेट को बैन कर चुका है.
इंस्टाग्राम के लिए AI सबसे बड़ा खतरा
एडम मोसेरी ने 31 दिसंबर को एक लंबे पोस्ट के जरिए बताया कि इंस्टाग्राम के सामने सबसे बड़ा खतरा बदलती दुनिया है. उन्होंने कहा कि 2026 तक ऑथेंटिक कंटेंट को अनगिनत तरीकों से कॉपी किया जा सकेगा. आज Google का Nano Banana और OpenAI का Sora जैसे टूल आम लोगों को भी AI वीडियो और इमेज बनाने की ताकत दे रहे हैं. यही वजह है कि AI कंटेंट इंस्टाग्राम के भविष्य के लिए सबसे बड़ा रिस्क बन गया है. अगर प्लेटफॉर्म इसके साथ नहीं बदला, तो यूजर्स का भरोसा कमजोर हो सकता है.
असली और नकली कंटेंट में फर्क करना होगा मुश्किल
मोसेरी ने कहा कि पहले माना जाता था कि फोटो और वीडियो किसी असली पल को दिखाते हैं, लेकिन अब यह सोच बदल चुकी है. आने वाले समय में जो भी कंटेंट हम देखेंगे, उस पर आंख बंद करके भरोसा नहीं किया जा सकेगा. शुरुआत में इंस्टाग्राम AI कंटेंट पहचानने में ठीक काम कर सकता है, लेकिन धीरे-धीरे यह काम और मुश्किल होगा. भविष्य में कैमरा कंपनियां असली तस्वीरों को डिजिटल साइन या सिक्योर कोड से सुरक्षित कर सकती हैं, जिससे असली और नकली में फर्क करना थोड़ा आसान हो सके.
बदल गया है इंस्टाग्राम यूजर्स का तरीका
एडम मोसेरी ने बताया कि इंस्टाग्राम का यूजर बिहेवियर पूरी तरह बदल चुका है. पहले लोग फीड पर परफेक्ट और एडिट की गई तस्वीरें डालते थे, लेकिन अब ऐसा कम हो गया है. आज लोग अपने निजी और असली पल डायरेक्ट मैसेज के जरिए शेयर करते हैं. इनमें धुंधली फोटो, हिलते वीडियो और बिना सजावट वाले पल होते हैं। मोसेरी ने इसे “रॉ एस्थेटिक” कहा और बताया कि बहुत ज्यादा सुंदर और बनावटी कंटेंट अब लोगों को बोर करने लगा है हालांकी अभी ये साफ नहीं हो सका है की आने वाले समय में इंस्टाग्राम AI कंटेट को बैन करेगा या नहीं.
इंस्टाग्राम को खुद को बदलना होगा
एडम मोसेरी के मुताबिक AI के दौर में असली और ओरिजिनल कंटेंट की अहमियत और बढ़ेगी. अब सवाल यह नहीं होगा कि आप कंटेंट बना सकते हैं या नहीं, बल्कि यह होगा कि क्या आप कुछ ऐसा बना सकते हैं जो सिर्फ आप ही बना सकें. उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम को AI कंटेंट पर लेबल लगाने, असली कंटेंट को वेरिफाई करने और क्रिएटर की भरोसेमंद पहचान दिखाने वाले टूल्स बनाने होंगे. साथ ही ओरिजिनल कंटेंट को ज्यादा प्रमोट करना जरूरी होगा, ताकि प्लेटफॉर्म AI कंटेंट की भीड़ में भी खास बना रहे.
