Jio का बड़ा AI धमाका! अब कॉल संभालेगा स्मार्ट एजेंट, कैब और खाना भी करेगा बुक
Jio ने एक नया AI कॉल एजेंट पेश किया है जो बिना किसी एक्स्ट्रा ऐप के कॉल समरी बना सकता है, कॉन्फ्रेंस कॉल मैनेज कर सकता है, कैब बुक कर सकता है, खाना ऑर्डर कर सकता है और कॉल के दौरान यूज़र्स की मदद कर सकता है.
jio ai call agent
- Hey Jio बोलते ही AI मदद करेगा
- कॉल का सारांश और नोट्स तैयार करेगा
- कैब बुकिंग और खाना ऑर्डर करेगा
- बिना ऐप डाउनलोड AI सुविधा मिलेगी
Reliance ने अपनी 49वीं सालाना बैठक में कई नई AI तकनीकों का ऐलान किया. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा Jio के नए AI Call Agent की हो रही है. कंपनी का दावा है कि आने वाले महीनों में यह फीचर Jio यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा. खास बात यह है कि इसके लिए किसी अलग ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी. AI सीधे Jio नेटवर्क के साथ जुड़ा होगा और कॉल के दौरान आपकी मदद करेगा. यह फीचर उन लोगों के लिए काफी काम का साबित हो सकता है जो रोजाना लंबी कॉल, मीटिंग या कॉन्फ्रेंस कॉल में शामिल होते हैं.
आखिर क्या है Jio का AI Call Agent?
Jio का नया AI Call Agent एक डिजिटल सहायक की तरह काम करेगा. कंपनी के अनुसार यह हर कॉल के दौरान आपके साथ मौजूद रहेगा और जरूरत पड़ने पर मदद करेगा. आमतौर पर कॉल रिकॉर्ड करने या नोट्स बनाने के लिए अलग ऐप की जरूरत होती है, लेकिन Jio का यह फीचर सीधे नेटवर्क में ही शामिल रहेगा. इससे यूजर्स को अतिरिक्त ऐप या डिवाइस की जरूरत नहीं पड़ेगी. कंपनी का कहना है कि यह सुविधा साल के अंत तक सभी Jio ग्राहकों के लिए शुरू की जा सकती है. फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि इसके लिए अलग से कोई शुल्क लिया जाएगा या नहीं.
सिर्फ Hey Jio’ बोलते ही शुरू होगी मदद
इस फीचर का इस्तेमाल करना भी काफी आसान होगा. कॉल के दौरान यूजर को सिर्फ "Hey Jio" बोलना होगा. इसके बाद AI Agent एक्टिव हो जाएगा. स्क्रीन पर "AI Assist Active" का संकेत भी दिखाई देगा, जिससे पता चलेगा कि AI आपकी बात सुन रहा है. सबसे अच्छी बात यह है कि AI के साथ बातचीत करने से आपकी चल रही कॉल पर कोई असर नहीं पड़ेगा. आप सामने वाले व्यक्ति से बात करते हुए AI को अलग से निर्देश दे सकेंगे. इससे कॉल के दौरान कई छोटे-बड़े काम आसान हो जाएंगे.
कॉल का सारांश और कॉन्फ्रेंस कॉल में मदद
Jio का AI Agent कॉल को लिखित रूप में बदल सकता है और पूरी बातचीत का सारांश भी तैयार कर सकता है. यह फीचर छात्रों, ऑफिस कर्मचारियों और बिजनेस यूजर्स के लिए काफी उपयोगी हो सकता है. कंपनी का दावा है कि कॉन्फ्रेंस कॉल में यह 10 अलग-अलग लोगों की आवाज पहचान सकेगा. अगर किसी जरूरी व्यक्ति को कॉल में जोड़ना हो, तो यूजर सिर्फ उसका नाम बोलकर AI को निर्देश दे सकता है. इसके बाद AI उस व्यक्ति को कॉल करके चल रही मीटिंग में शामिल होने का अनुरोध करेगा.
खाना ऑर्डर से लेकर कैब बुकिंग तक करेगा काम
Jio ने डेमो के दौरान दिखाया कि AI Agent सिर्फ कॉल मैनेजमेंट तक सीमित नहीं रहेगा. यह यूजर की अनुमति मिलने पर कई काम भी कर सकेगा. उदाहरण के लिए खाना ऑर्डर करना, कैब बुक करना, रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व करना और मीटिंग सेट करना जैसे काम AI के जरिए किए जा सकेंगे. हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि बिना यूजर की मंजूरी के AI कोई भी कार्रवाई नहीं करेगा. अगर यह फीचर सफल रहता है, तो आने वाले समय में मोबाइल कॉलिंग का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और आसान हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें