अगर आप mAadhaar ऐप यूज करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. सरकार ने ऐलान किया है कि पुराना ऐप जल्द बंद कर दिया जाएगा. इसकी जगह अब नया आधार ऐप लाया जा रहा है. जिसे पहले से ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट और आसान बताया जा रहा है. UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लोगों से नए ऐप पर शिफ्ट होने की अपील की है. UIDAI ने कहा कि नया ऐप यूजर्स को तेज एक्सेस, बेहतर फीचर्स और आसान डिजिटल सेवाएं देगा. यह बदलाव ऐसे समय में किया जा रहा है जब डिजिटल सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को लेकर लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है.
नया आधार ऐप सिर्फ पुराने mAadhaar का नया डिजाइन नहीं है, बल्कि इसमें काम करने का तरीका भी पूरी तरह बदला गया है. पहले आधार वेरिफिकेशन के दौरान कई बार पूरी जानकारी सामने आ जाती थी, लेकिन अब यूजर्स केवल जरूरी जानकारी ही शेयर कर पाएंगे. UIDAI का कहना है कि इससे लोगों की निजी जानकारी ज्यादा सुरक्षित रहेगी. नया ऐप सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग पर काम करेगा यानी जहां जितनी जानकारी जरूरी होगी, सिर्फ उतनी ही दिखाई जाएगी. इससे होटल, अस्पताल, सरकारी दफ्तर या दूसरी जगहों पर पहचान साबित करना पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा.
नए आधार ऐप में कई आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं. सबसे बड़ा बदलाव QR कोड बेस्ड आधार शेयरिंग है. अब किसी जगह पर पहचान दिखाने के लिए पूरा आधार नंबर बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यूजर QR स्कैन के जरिए केवल जरूरी डिटेल ही शेयर कर सकेंगे. इसके अलावा अब सिर्फ OTP पर निर्भर रहने की बजाय फेस ऑथेंटिकेशन और QR वेरिफिकेशन जैसे अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं. UIDAI का मानना है कि इससे आधार के गलत इस्तेमाल को रोका जा सकेगा. साथ ही अब यूजर्स अपने फिंगरप्रिंट, फेस और आइरिस डेटा को ऐप से ही लॉक या मैनेज कर सकेंगे. इससे बायोमेट्रिक सुरक्षा और मजबूत होगी.
नए आधार ऐप को शुरू करने की प्रक्रिया पुराने ऐप की तुलना में थोड़ी अलग और ज्यादा सुरक्षित बनाई गई है. सबसे पहले यूजर्स को प्ले स्टोर जैसे आधिकारिक ऐप स्टोर से आधार ऐप डाउनलोड करना होगा. इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुननी होगी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालकर OTP से वेरिफिकेशन करना होगा. कुछ यूजर्स को फेस ऑथेंटिकेशन भी पूरा करना पड़ सकता है. इसके बाद PIN सेट करना होगा या बायोमेट्रिक लॉक चालू करना होगा. फिर आधार नंबर जोड़कर एक और OTP वेरिफिकेशन के जरिए प्रक्रिया पूरी होगी. UIDAI का कहना है कि यह मल्टी-लेयर सिस्टम यूजर की पहचान को ज्यादा सुरक्षित बनाएगा.
नए ऐप की घोषणा के साथ UIDAI ने लोगों को एक और राहत दी है. आधार दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट करने की मुफ्त सुविधा अब 14 जून 2027 तक जारी रहेगी. पहले यह सुविधा 15 जून 2026 तक मुफ्त रहने वाली थी. यानी अब लोग myAadhaar पोर्टल पर जाकर बिना किसी शुल्क के अपने पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अपडेट कर सकेंगे. सरकार का मानना है कि नया आधार ऐप आने के बाद लोगों का डिजिटल अनुभव और आसान होगा, वहीं सुरक्षा भी पहले से ज्यादा मजबूत हो जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.