अलर्ट! खतरे में करोड़ों यूजर्स का डेटा, Instagram से Netflix तक के यूजरनेम-पासवर्ड हुए लीक

Cyber security Alert: हाल ही में एक बहुत बड़ा डेटा ब्रीच सामने आया है, जिसके बाद करोड़ों यूजर्स के प्राइवेसी पर खतरा मंडरा रहा है.

Published date india.com Published: January 24, 2026 9:23 PM IST
Cyber security Alert
Cyber security Alert

Cyber security Alert: हाल ही में एक बहुत बड़ा डेटा ब्रीच सामने आया है, जिसने करोड़ों इंटरनेट यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट के अनुसार, 14 करोड़ से ज्यादा यूजरनेम और पासवर्ड लीक हो चुके हैं. इसमें Gmail, Facebook, Instagram, Netflix जैसे बड़े और लोकप्रिय प्लेटफॉर्म शामिल हैं. यह खबर इसलिए भी ज्यादा डराने वाली है क्योंकि यह डेटा किसी हैकर ने सीधे तौर पर नहीं चुराया, बल्कि एक खतरनाक मैलवेयर के जरिए चोरी हुआ है.

आम लोग अक्सर मानते हैं कि सिर्फ हैकर ही खतरा होते हैं, लेकिन अब मैलवेयर भी उतना ही बड़ा खतरा बन गया है. यह चोरी किया गया डेटा इंटरनेट पर बिना सुरक्षा के पड़ा हुआ था, जिसे कोई भी देख सकता था. इससे लोगों के बैंक अकाउंट, सोशल मीडिया प्रोफाइल और निजी जानकारी तक गलत हाथों में पहुंचने का खतरा बढ़ गया है. साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह के डेटा ब्रीच से पहचान की चोरी, ऑनलाइन फ्रॉड और पैसों की ठगी जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ सकती हैं.

कैसे सामने आया डेटा ब्रीच?

इस बड़े डेटा लीक का पता साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर जेरेमिया फाउलर ने लगाया. उन्होंने बताया कि करीब 96GB का डेटा इंटरनेट पर एक खुले डेटाबेस में मौजूद था. इसमें किसी तरह की सिक्योरिटी या एन्क्रिप्शन नहीं लगा था. इसका मतलब यह था कि कोई भी व्यक्ति इस डेटा तक आसानी से पहुंच सकता था. यह डेटाबेस गलत तरीके से सेट किया गया था, जिसकी वजह से इतनी बड़ी जानकारी बाहर आ गई. जब तक इसे हटाया गया, तब तक इसमें लगातार नए यूजरनेम और पासवर्ड जुड़ते जा रहे थे. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि यह डेटा किसी एक जगह से नहीं, बल्कि कई डिवाइसों से चोरी होकर जमा हो रहा था. इससे साफ होता है कि बहुत सारे लोगों के मोबाइल और कंप्यूटर पहले से ही मैलवेयर से संक्रमित थे, जो उनकी जानकारी चुपचाप चुरा रहा था.

कौन-कौन से प्लेटफॉर्म होंगे प्रभावित?

इस डेटा ब्रीच में लगभग सभी बड़े प्लेटफॉर्म शामिल हैं. Gmail, Yahoo और Outlook जैसे ईमेल अकाउंट्स की जानकारी लीक हुई है. सोशल मीडिया की बात करें तो Facebook, Instagram, TikTok और X जैसे प्लेटफॉर्म भी इससे प्रभावित हुए हैं. इसके अलावा Netflix, Disney Plus, HBO Max और Roblox जैसे एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म्स के अकाउंट्स की डिटेल्स भी लीक हुई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 4.8 करोड़ Gmail अकाउंट्स, 40 लाख Yahoo अकाउंट्स और 15 लाख Outlook अकाउंट्स की जानकारी बाहर आई है. Facebook के 1.7 करोड़ और Instagram के 65 लाख अकाउंट्स भी इसमें शामिल हैं. ये आंकड़े बताते हैं कि यह डेटा ब्रीच कितना बड़ा और खतरनाक है. इतने बड़े स्तर पर डेटा लीक होने से लाखों लोग साइबर अपराध का शिकार बन सकते हैं.

कैसे करें बचाव?

इस मामले में सबसे बड़ा खतरा infostealer नाम के मैलवेयर को माना जा रहा है. यह मैलवेयर डिवाइस में चुपचाप घुसकर पासवर्ड, यूजरनेम और दूसरी निजी जानकारी चुरा लेता है. यूजर्स को सबसे पहले अपने मोबाइल और कंप्यूटर को अच्छे एंटीवायरस से स्कैन करना चाहिए. इसके बाद सभी जरूरी अकाउंट्स के पासवर्ड तुरंत बदल दें. हर ऐप और वेबसाइट के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखना बहुत जरूरी है. आसान और एक जैसा पासवर्ड रखना खतरे को बढ़ा देता है. इसके साथ ही Gmail, Facebook, Instagram और Netflix जैसे प्लेटफॉर्म पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें. इससे अगर कोई आपका पासवर्ड जान भी ले, तो भी वह आसानी से लॉगिन नहीं कर पाएगा. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Technology की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.