भारत सरकार के सवालों में घिरा Meta! Instagram विवाद पर दी सफाई, जानें पूरा मामला

इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक विज्ञापनों के मामले में Meta ने आरोपों से इनकार किया है. जानें कंपनी ने सफाई में क्या कहा और यह पूरा मामला क्या है?

Written by: Gargi Santosh
Published: July 7, 2026, 11:56 PM IST
  • Meta ने बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक ऐड को दिखाने के आरोप खारिज किए हैं
  • कंपनी का दावा है कि 2025 में संदिग्ध गतिविधियों वाले 40 लाख से ज्यादा अकाउंट हटाए
  • Meta का कहना है कि AI की मदद से लाखों आपत्तिजनक कंटेंट और अकाउंट हटाए जा चुके हैं
  • केंद्र सरकार ने इस मामले में 11 जुलाई तक Meta से विस्तृत जवाब मांगा है

Meta News: इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कथित विज्ञापनों को लेकर उठे विवाद के बीच Meta ने सफाई दी है. कंपनी ने कहा कि वह कभी भी जानबूझकर ऐसे विज्ञापन किसी यूजर को नहीं दिखाती और न ही बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को बढ़ावा देती है. Meta ने अपने आधिकारिक ब्लॉग में कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत है. कंपनी का कहना है कि वह लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर रखती है और तकनीक की मदद से संदिग्ध अकाउंट की पहचान कर खिलाफ कार्रवाई भी करती है.

BBC रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिस

बता दें यह पूरा मामला तब चर्चा में आया, जब BBC Eye की एक जांच रिपोर्ट में दावा किया गया कि इंस्टाग्राम पर ऐसे कई विज्ञापन दिखाई दिए. जिनमें आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर यूजर्स को टेलीग्राम चैनलों तक पहुंचाया जा रहा था, जहां कथित तौर पर बच्चों से जुड़े अवैध कंटेंट बेचे जा रहे थे. रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta को नोटिस जारी किया. मंत्रालय ने कंपनी को निर्देश दिया कि ऐसे सभी विज्ञापन और कंटेंट तुरंत हटाए जाएं और यह बताया जाए कि आखिर ऐसे विज्ञापन प्लेटफॉर्म पर कैसे दिखाई दिए. सरकार ने Meta से 11 जुलाई तक विस्तृत जवाब मांगा है. मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि Meta का हालिया ब्लॉग पोस्ट नोटिस का आधिकारिक जवाब नहीं माना जाएगा. कंपनी को अलग से विस्तृत सफाई देनी होगी.

Meta ने बताया 40 लाख से ज्यादा अकाउंट हटाए

Meta का कहना है कि उसने BBC की रिपोर्ट सामने आने से पहले ही कई संदिग्ध विज्ञापनों और उनसे जुड़े अकाउंट पर कार्रवाई शुरू कर दी थी. कंपनी ने दावा किया कि 2025 में उसने बच्चों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों वाले 40 लाख से अधिक अकाउंट अपने आप हटाए हैं. वहीं पिछले छह महीनों में भारत में AI तकनीक की मदद से करीब 1.60 लाख अकाउंट हटाए गए. कंपनी के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच फेसबुक और इंस्टाग्राम से बच्चों के यौन शोषण से जुड़े लगभग 1.3 करोड़ कंटेंट हटाए गए. जिनमें से 96% मामलों में कार्रवाई किसी शिकायत से पहले ही कर दी गई थी.

Meta ने मानी सिस्टम की गलती, सुधार का भरोसा दिया

हालांकि, कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि कोई भी तकनीकी सिस्टम पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता. अपराधी लगातार नए तरीके अपनाकर प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करते रहते हैं. Meta ने कहा कि उसके विज्ञापन समीक्षा सिस्टम हर उल्लंघन को पकड़ने में सफल नहीं हो सकते, लेकिन AI और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.