पहाड़ों पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन प्लान करने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
Cold Wave Alert: मौसम विभाग ने साल के अंत तक कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बर्फबारी की चेतावनी दी है.
winter weather India
Winter Weather India: जो लोग साल के अंत में घूमने या कहीं बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए यह खबर जरूरी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है. इस दौरान कई इलाकों में शीत लहर चलेगी, घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा और कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है. उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में सुबह के समय ठंड ज्यादा रहेगी, जिससे आम लोगों को परेशानी हो सकती है. कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है.
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 27 से 31 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 दिसंबर को मौसम बिगड़ सकता है और 30-31 दिसंबर को फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फ गिरेगी, जबकि निचले इलाकों में बारिश हो सकती है. लगातार बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ेगी और कई रास्ते बंद भी हो सकते हैं. ऐसे में पर्यटकों को सोच-समझकर यात्रा करने की सलाह दी गई है.
मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंड का असर
उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में घना से बहुत घना कोहरा देखने को मिलेगा. बिहार में 31 दिसंबर तक कोहरा सबसे ज्यादा असर दिखा सकता है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. लगातार ठंड और कोहरे के कारण लोगों को सुबह के समय दृश्यता कम होने की समस्या झेलनी पड़ सकती है.
पूर्वोत्तर और तटीय इलाकों का हाल
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 से 31 दिसंबर के बीच गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि मछुआरों के लिए कोई खास चेतावनी नहीं है, लेकिन पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं असम में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है और छत्तीसगढ़ में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
बुजुर्गों और यात्रियों को खास सावधानी
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीत लहर का असर दिख सकता है. अत्यधिक ठंड बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल सकती है. यात्रियों को खासकर सुबह और रात के समय सफर करते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम को देखते हुए यात्रा की योजना बनाना ही समझदारी होगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें