इस वीकएंड आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर जा सकते हैं. यह बेहद लोकप्रिय मंदिर है और दिल्ली आने वाला हर टूरिस्ट एक बार यहां जरूर जाता है. दुनिया के सबसे विस्तृत और बड़े हिंदू मंदिरों के लिए इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है. इस मंदिर का उद्घाटन 6 नवंबर 2005 को हुआ था. यह मंदिर 10,000 वर्ष पुरानी भारतीय संस्कृति के प्रतीक को बहुत विस्मयकारी, सुंदर, बुद्धिमत्तापूर्ण और सुखद रूप से प्रस्तुत करता है. इस मंदिर में टूरिस्ट और श्रद्धालू भारतीय शिल्पकला, परंपराओं और प्राचीन आध्यात्मिक संदेशों के तत्वों को शानदार ढंग से देख सकते हैं.
स्वामीनारायण अक्षरधाम परिसर का निर्माण कार्य एचडीएच प्रमुख बोचासन के स्वामी महाराज श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था के द्वारा किया गया था. यह मंदिर पांच सालों में बनकर तैयार हुआ था. इस मंदिर के निर्माण में 11,000 कारीगरों और हजारों स्वयंसेवकों का योगदान रहा है. इस मंदिर परिसर में श्रद्धालु भगवान स्वामीनारायण को समर्पित अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. यह पारंपरिक मंदिर भारत की प्राचीन कला, संस्कृति और शिल्पकला की सुंदरता और आध्यात्मिकता की झलक प्रस्तुत करता है. इसके अलावा, नीलकण्ठ वर्णी अभिषेक का हिस्सा बन सकते हैं. इस प्रार्थना के लिए भारत की 151 पवित्र नदियों, झीलों और तालाबों के पानी का उपयोग किया जाता है.

यहां आप कई प्रदर्शनियां देख सकते हैं. यहां के तीन हॉल में श्रद्धालु और टूरिस्ट अलग-अलग प्रदर्शनिया देख सकते हैं. पहला हॉल, हॉल ऑफ वैल्यूज है जिसमें टूरिस्ट अहिंसा, ईमानदारी और आध्यात्मिकता का उल्लेख करने वाली फिल्मों और रोबोटिक शो के माध्यम से चिरस्थायी मानव मूल्यों का अनुभव कर सकते हैं. हॉल 2 में नीलकण्ठ योगी की अविश्वसनीय कथा के माध्यम से भारत की जानकारी ले सकते हैं. हॉल नंबर 3 में भारत की शानदार विरासत के 10,000 वर्षों का सफर को देख सकते हैं. जिसमें भारत के ऋषियों-वैज्ञानिकों की खोजों और आविष्कारों की जानकारी ले सकते हैं. यहां आप विश्व का प्रथम विश्वविद्यालय तक्षशिला देख सकते हैं.
अक्षरधाम में आप संगीतमय फव्वारा देख सकते हैं. इसके अलावा, गार्डन ऑफ इंडिया और लोटस गार्डन का भ्रमण कर सकते हैं.
नजदीकी मेट्रो स्टेशन: अक्षरधाम
प्रवेश का वक्त: सुबह 9:30 बजे
अंतिम प्रवेश: 6:30 बजे
परिसर में प्रवेश: निःशुल्क
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.