'फाइल लेकर बैठा हूं, सारे राज खुलेंगे...', अखिलेश यादव पर भड़के ओमप्रकाश राजभर, जानिए पूरा मामला

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 23, 2026 6:09 PM IST

गोमती रिवर फ्रंट परियोजना को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए. सोशल मीडिया पोस्ट में भ्रष्टाचार, चुनावी खर्च और अधूरे प्रोजेक्ट को लेकर कई दावे किए गए. जानिए यह मामला क्या है.

  • ओमप्रकाश राजभर ने गोमती रिवर फ्रंट को लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोला.
  • सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर कर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए.
  • राजभर ने दावा किया कि जांच जारी है और सच्चाई सामने आएगी.
  • समाजवादी पार्टी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया.

Gomti River Front Case: यूपी में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और यहां अभी से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना को लेकर सपा प्रमुख पर आरोप लगाए. चलिए इस खबर में आपको बताते हैं यह मामला क्या है और ओमप्रकाश राजभर ने क्या कहा?

Advertising
Advertising

राजभर बोले- जनता के सामने सच आएगा

सोशल मीडिया पर राजभर ने सत्यमेव जयते: गोमती रिवर फ्रंट, सैफई परिवार का भ्रष्टाचार पार्ट-1 नाम से एक पोस्टर शेयर किया. इसमे उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना का पैसा विकास कार्यों के बजाय दूसरे कामों में इस्तेमाल किया गया. उनका कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, पूरी तस्वीर जनता के सामने आएगी. हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई नया आधिकारिक दस्तावेज साझा नहीं किया.

क्या है गोमती रिवर फ्रंट मामला?

राजभर ने आरोप लगाया कि गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का पूरा बजट खर्च होने के बावजूद काम पूरी तरह पूरा नहीं हो सका. उनके मुताबिक केवल करीब 60% काम ही पूरा हुआ, जबकि बाकी राशि का इस्तेमाल विकास कार्यों के बजाय विधानसभा चुनाव और दूसरे उद्देश्यों में किया गया. राजभर ने यह भी दावा किया कि नोटबंदी के बाद विपक्ष अपने कथित आर्थिक संसाधनों का उपयोग नहीं कर पाया, जिससे कई योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आने लगी.

जेल जाएंगे तो AC नहीं मिलेगा: राजभर

सोशल मीडिया पोस्ट में राजभर ने तीखी भाषा का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि उनके पास मामले से जुड़ी पूरी जानकारी और फाइलें मौजूद हैं और जांच एजेंसियां इस मामले की पड़ताल कर रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि समय आने पर एक-एक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. उनके बयान का सबसे चर्चित हिस्सा वह रहा, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई हुई तो जेल में न AC मिलेगा और न सोशल मीडिया इस्तेमाल करने का मौका.

सपा की तरफ से अब तक नहीं आया कोई जवाब

राजभर के इन आरोपों के बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई. हालांकि, अब तक समाजवादी पार्टी (सपा) या अखिलेश यादव की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि सपा इन आरोपों का किस तरह जवाब देती है और जांच को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें