By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Uttar Pradesh
- Akhilesh Yadav Hits Back At Bjps Dynastic Politics Remarks Says Proud To Have Family Wont Run Away With Jhola Leaving Family Behind
अखिलेश यादव का BJP के 'वंशवादी राजनीति' के बयान पर पलटवार, परिवार को छोड़कर झोला लेकर नहीं भागेंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिजनौर में कहा, मैं कहना चाहता हूं कि जिनके पास परिवार होता है, वे ही एक परिवार का दर्द समझ सकते हैं, लेकिन वे नहीं, जिनके पास परिवार नहीं होता है
बिजनौर (उत्तर प्रदेश): समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष (SP chief ) अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav) ने गुरुवार को यूपी विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान बिजनौर (in Bijnor) में बीजेपी की ‘वंशवादी राजनीति’ वाले बयान पर पलटवार किया है. सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा, परिवार पर गर्व है, परिवार को छोड़कर झोला लेकर नहीं भागेंगे. बिजनौर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि जिनके पास परिवार होता है वे ही एक परिवार का दर्द समझ सकते हैं, लेकिन वे नहीं जिनके पास परिवार नहीं होता है. बीजेपी को अपने आखिरी घोषणापत्र के लिए 2 मिनट का मौन रखना चाहिए, क्योंकि वे 5 साल पहले किए गए वादों को पूरा नहीं कर सके.
Akhilesh Yadav hits back at BJP’s ‘dynastic politics’ remarks, says ‘proud to have family, won’t run away with jhola leaving family behind’
Read @ANI Story | https://t.co/lcmILl9rZw#UPElections2022 #SamajwadiParty #Akhilesh_Yadav pic.twitter.com/0jpgNeneFx
— ANI Digital (@ani_digital) February 10, 2022
डबल इंजन की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार भी हुआ डबल
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य की कथित डबल इंजन सरकार के शासन में भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है. यहां अपने गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ संयुक्त रैली में आरोप लगाया, “उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया है. इसलिए भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सपा गठबंधन को वोट दें ताकि बाबाजी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अपने घर लौट जाएं.”
गन्ना किसानों के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का कोष बनाएंगे
सपा अध्यक्ष ने कहा, गन्ना किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, “सत्ता में आने पर हम 10 हजार करोड़ रुपए का कोष बनाएंगे ताकि किसानों को समय से गन्ने का भुगतान हो सके. गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का गन्ना मूल्य 15 दिन के अंदर चुकाया जाएगा.” उन्होंने वादा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान करने के लिए 10,000 करोड़ रुपए का कोष बनाया जाएगा.
वादे पूरे नहीं करने के लिए भाजपा को दो मिनट का मौन रखना चाहिए
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को अपने पिछले चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे नहीं करने के लिए दो मिनट का मौन रखना चाहिए. उन्होंने कहा, “भाजपा झूठों की पार्टी है. इसका छोटा नेता छोटा झूठ बोलता है और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है, लेकिन इस बार भाजपा का झूठ का हेलीकॉप्टर उत्तर प्रदेश में नहीं उतर पाएगा.” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा के शासनकाल में बिजली का बिल लोगों को बिजली का झटका देता है, क्योंकि इस सरकार ने एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया. इसी वजह से हमें बिजली के ऊंचे दाम चुकाने पड़ रहे हैं. प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी.”
प्रवासी मजदूर कठिन हालात में अपने घर लौटे, सरकार ने कुछ नहीं किया
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा विकास की बात करती है, लेकिन पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान लोगों को सबसे ज्यादा दुख सहना पड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूर कठिन हालात में अपने घर लौटे लेकिन सरकार ने उनके लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि किस तरह उस गर्भवती महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दे दिया था. अगर हमारी सरकार होती तो हम जिलाधिकारी की कार से उस महिला को उसके घर भेजवाते.”
किसानों ने 13 महीने तक संघर्ष के बाद भाजपा को नए कृषि कानून वापस लेने को मजबूर किया: जयंत चौधरी
इससे पहले, अपने संबोधन में राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि की योजना बना रही है. जयंत ने कहा कि देश और प्रदेश के किसानों ने 13 महीने तक संघर्ष के बाद भाजपा को हराया है और उसे नए कृषि कानून वापस लेने को मजबूर किया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की बात करते हैं, लेकिन विकास के नाम पर उन्होंने किसानों के हाथ में टॉर्च और लाठी थमा दी है और उन्हें मजबूरन कड़ाके की सर्दी वाली रात में अवारा पशुओं से अपनी फसलों की रक्षा करनी पड़ रही है.
मतदान में गड़बड़ी के आरोपों पर तत्काल कार्रवाई करे आयोग
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के खराब होने और जानबूझकर मतदान धीमी कराए जाने के आरोपों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की. अखिलेश ने एक ट्वीट में कहा, “चुनाव आयोग से अपील है और साथ ही यह अपेक्षा भी है कि जहां भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ख़राब होने या जानबूझकर मतदान धीमे कराए जाने के आरोप लग रहे हैं, उन मतदान केंद्रों पर वह तत्काल यथोचित कार्रवाई करे.” उन्होंने लिखा,”सुचारू और निष्पक्ष मतदान चुनाव आयोग की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है.” गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए कई ट्वीट में मतदान के दौरान गड़बड़ियों की शिकायत की है.
सपा ने ये शिकायतें चुनाव आयोग से आज की थीं
पार्टी ने इनमें आगरा जिले के बाह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के समर्थकों द्वारा जनता को वोट नहीं डालने देने, मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 26 एवं 27 पर बिना पहचान पत्र देखे वोट डलवाए जाने, आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-227 पर वोटिंग मशीन एक घंटे से बंद होने और शामली जिले के थानाभवन विधानसभा के बूथ नंबर 388 पर वोटिंग मशीन खराब होने की शिकायतें चुनाव आयोग से की हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बृहस्पतिवार को राज्य के 11 जिलों की कुल 58 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है.
(इनपुट भाषा-एएनआई)
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें