'धर्म से ज्यादा देश को रोटी की जरूरत...', अखिलेश यादव ने कुंभ को लेकर BJP पर जमकर साधा निशाना
Maha Kumbh Mela 2025: अखिलेश यादव ने स्वामी विवेकानंद के हवाले से कहा धर्म से ज्यादा देश के लोगों को रोटी की जरूरत है. गरीब को धार्मिक बातें समझाना आज के समय में गलत.
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को स्वामी विवेकानंद के हवाले से कहा, कि उन्होंने धर्म से ज्यादा देश के लोगों को रोटी की जरूरत पर बल दिया था. दरअसल, सपा प्रमुख स्वामी विवेकानंद की जयंती “राष्ट्रीय युवा दिवस” के मौके पर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित सभागार में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि धर्म से ज्यादा देश के लोगों को रोटी की जरूरत है. जो गरीब है उनको धार्मिक बातें समझाना आज के समय में गलत होगा.
BJP पर तंज कसते हुए कहा- आप पाप धोने जाते हैं
महाकुंभ में जाने के सवाल पर यादव ने कहा- मैं हमेशा कुंभ गया हूं और आप कहो तो वह तस्वीर भी साझा कर सकता हूं. जब मैंने समय-समय पर गंगा में स्नान किया है. कम से कम वह भी तस्वीरें साझा करें, जो दूसरों को कह रहे हैं कि गंगा में नहाओ.
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा, कुछ लोग गंगा स्नान पुण्य करने जाते हैं, कुछ लोग दान करने जाते हैं और कुछ लोग अपने पाप धोने जाते हैं. हम लोग पुण्य के लिए जाएंगे और दान के लिए जाएंगे.
मिल्कीपुर उप-चुनाव के लिए कैसी है SP की तैयारी?
एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा उप-चुनाव की पूरी तैयारी है, अयोध्या का चुनाव भाजपा फिर एक बार हारेगी और मीडिया तक कह रहा है कि समीकरण समाजवादी पार्टी के पक्ष में हैं. उन्होंने हाल में हुए उप-चुनाव में सत्तारूढ़ दल पर बेईमानी’ का आरोप लगाया. साथ ही दावा किया कि “मिल्कीपुर का चुनाव जनता समाजवादियों को जिताने जा रही है, बस आपसे (मीडिया से) निवेदन है आप हमारी तारीफ न करें.
मिल्कीपुर में किस दिन होने हैं उप-चुनाव?
बता दें कि भारतीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को घोषणा की कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव पांच फरवरी को होंगे, जबकि मतगणना आठ फरवरी को होगी. इससे पहेल, राज्य की 9 विधानसभा सीट पर नवंबर, 2024 में उप-चुनाव हुए थे. इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसकी सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने सात सीट जीती थीं, जबकि सपा के खाते में केवल दो सीट आई थीं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें