Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 25 किलोमीटर पहले से ही गाड़ियों की एंट्री बंद

Ayodhya News: अनुमान है कि 96 घंटों के भीतर लगभग 65 लाख श्रद्धालु अयोध्या में आ चुके हैं. अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए 25 किलोमीटर पहले से ही गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी गई है.

Published date india.com Updated: February 17, 2025 1:19 PM IST
Ayodhya Ram Mandir News
Ayodhya Ram Mandir News

Ayodhya News: संगम नगरी प्रयागराज में जारी महाकुंभ के बीच अयोध्या और वाराणसी में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए 25 किलोमीटर पहले से ही गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी गई है. सोमवार सुबह से भी शहर की स्थिति बिगड़ गई है. भारी भीड़ के कारण राम मंदिर, जन्मभूमि पथ और हनुमान गढ़ी समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कें खचाखच भर गई हैं. भीड़ ने कई बैरिकेड्स भी तोड़ दिए हैं.

शहर में भारी भीड़

राम मंदिर के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सड़कों को चौड़ा करने और बुनियादी ढांचे में सुधार के सरकारी प्रयासों के बावजूद, अयोध्या की संकरी गलियां अभी भी भारी भीड़भाड़ वाली बनी हुई हैं. तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के कारण शहर में घूमना लगभग असंभव हो गया है. श्रद्धालुओं ने लगभग हर मार्ग को बाधित कर दिया है, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है.

65 लाख श्रद्धालुओं की एंट्री

अनुमान है कि 96 घंटों के भीतर लगभग 65 लाख श्रद्धालु अयोध्या में आ चुके हैं. जानकारी के अनुसार, स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने कमान संभाल ली है और रात भर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. बड़ी संख्या में तीर्थयात्री अपनी अटूट श्रद्धा के कारण प्रयागराज से सीधे अयोध्या तक की यात्रा कर चुके हैं. इससे पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर भी अयोध्या में भारी भीड़ देखी गई थी. उस दौरान महज 30 घंटे में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए थे.

काशी में भी श्रद्धालुओं का तांता

प्रयागराज में जारी महाकुंभ के बीच काशी विश्वनाथ मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए भी पहुंच रहे हैं. भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. महाशिवरात्रि से पहले भीड़ बढ़ने की आशंका के चलते चौराहों, गंगा घाटों और प्रमुख मंदिरों पर पुलिस तैनात की गई है. ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है.

DCP काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि बनारस में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. भीड़ प्रबंधन के तहत प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं को चिन्हित कर अलग-अलग किया गया है, जिससे लोगों की आवाजाही सुगम रहे. घाटों पर भी पुलिस बल के अलावा NDRF और जल पुलिस की टीमों को तैनात किया गया है. भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विश्वनाथ मंदिर से भदौरिया चौराहे तक कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रवेश मार्गों को जिग-जैग पैटर्न में रखा गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और दर्शन की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे.

(इनपुट: IANS)

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.