Cm Yogi Gave A Gift To Up Policemen Just Before Diwali Increased Many Allowances Know Full Details Here
Diwali से पहले UP के पुलिसकर्मियों को CM योगी ने दी सौगात, कई भत्तों में इजाफा- पूरी डिटेल्स जानें यहां
UP News Today: 'पुलिस स्मृति दिवस' के मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस वर्दी भत्ते में 70% और पुलिस आवास भत्ते में 25% की बढ़ोतरी समेत कई ऐलान किये.
UP News Today: दिवाली से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कई घोषणाएं की हैं. ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर मुख्यमंत्री ने पुलिस वर्दी भत्ते में 70% और पुलिस आवास भत्ते में 25% की बढ़ोतरी समेत कई ऐलान किये. राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने वर्दी भत्ते में 70%, बैरक में रहने वाले आरक्षियों के पुलिस आवास भत्ते में 25% की वृद्धि की. इसके साथ-साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेलकूद में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आहार तथा अन्य मदों में अगले वित्तीय वर्ष के बजट में 10 करोड़ रुपये बढ़ाने की घोषणा की. इन घोषणाओं पर प्रदेश सरकार 115 करोड़ रुपये का खर्च वहन करेगी.
‘कॉर्पस फंड’ की भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने बहुमंजिला पुलिस क्वार्टर और प्रशासनिक भवन के रखरखाव के लिए 1,380 करोड़ रुपये के ‘कॉर्पस फंड’ की घोषणा की. इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए दिवगंत पुलिसकर्मियों को याद किया. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर्तव्यों का पालन करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों तथा केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों के कुल 115 जवानों के आश्रितों को 36 करोड़ 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है.
कई पुलिसकर्मियों को मेडल
उन्होंने कहा कि जिलों में तैनात पुलिस जवानों की सुख सुविधा के लिए तीन करोड़ 50 लाख रुपये, कल्याण के लिए चार करोड़ रुपये, कार्यरत तथा सेवानिवृत पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रितों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी 266 दावों के निस्तारण के लिए 30 लाख 56,000 रुपये की राशि दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवाओं के लिए चार तथा सराहनीय सेवाओं के लिए 110 अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस पदक प्रदान किये गये हैं.
प्रक्रिया में 60 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती
उन्होंने कहा, ‘प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद पुलिस विभाग के विभिन्न पदों पर एक लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां की गयीं, जिनमें 22 हजार से अधिक महिला कार्मिक शामिल हैं. विभिन्न राजपत्रित पदों पर एक लाख 41 हजार से अधिक कार्मिकों को पदोन्नति दी गई.’ मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 60 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है. आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में शांति और कानून स्थापित करने के लिए पिछले सात वर्षों में 17 जवान अप्रतिम शौर्य का प्रदर्शन करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए और 1618 पुलिसकर्मी घायल हुए. उन्होंने कहा कि कई सालों के बाद वर्दी भत्ता तथा आवास भत्ता बढ़ाया गया है और खेल निधि में भी बढ़ोतरी की गई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.