Debate Story: यूपी के चुनाव में अयोध्या का तनाव किसे देगा फायदा? रामजी करेंगे किसका बेड़ा पार? सपा नेता के बयान से मचा बवाल
राम मंदिर को मिलने वाले चढ़ावे और उसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए गए हैं. विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार और मंदिर प्रबंधन को घेरने की कोशिश की है.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. (ANI)
- 2027 में यूपी समेत 7 राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव
- यूपी चुनाव में हैट्रिक लगाने की कोशिश में BJP
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी को मुद्दा बना रही सपा-कांग्रेस
- 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट हार गई थी BJP
अयोध्या...यह सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा प्रतीक रहा है. राम जन्मभूमि आंदोलन ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. 1984 के लोकसभा चुनाव में महज 2 सीटों पर सिमटी BJP ने 1991 में 120 और 1998 में 182 सीटों तक का सफर तय किया. अब BJP अपने सहयोगियों के साथ केंद्र की सत्ता को लगतार तीसरी बार संभाल रही है. इस पूरे दौर में अयोध्या और राम मंदिर आंदोलन पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान रही.
अब सवाल यह उठ रहा है कि जिस अयोध्या ने BJP को नई राजनीतिक ऊंचाई दी, क्या वही अयोध्या 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसके लिए चुनौती बन सकती है? इसकी वजह है राम मंदिर को मिलने वाले चढ़ावे और ट्रस्ट मैनेजमेंट को लेकर छिड़ा विवाद. इसपर इन दिनों सियासत भी तेज हो गई है.
अयोध्या के राम मंदिर का चढ़ावा विवाद क्या BJP के लिए 2027 के यूपी चुनाव में चुनौती बन चुका है? इसी मुद्दे पर एक प्राइवेट न्यूज चैनल के डिबेट शो में जोरदार बहस देखने को मिली. इस दौरान BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ट्रस्ट को डिफेंड किया. वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अजय उपाध्याय BJP को घेरते नजर आए. जबकि सपा प्रवक्ता सुनील यादव के एक बयान ने डिबेट में हंगामा मचा दिया.
टीवी डिबेट में किसने क्या कहा?
- BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी कहते हैं, "ये विषय पूरे हिंदुओं की आस्था पर आघात करने वाला है. ये मुझे व्यक्तिगत रूप से भी पीड़ा देने वाला है.राम मंदिर निर्माण के संकल्प रैली में गया था. लेकिन, चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर बेवजह की थ्योरी बनाई जा रही है. जिन्होंने कभी कहा था कि अयोध्या थी ही नहीं. वो नेता जिन्होंने अयोध्या को अपमानित और कंलकित किया... वो आज राम मंदिर पर सवाल पूछ रहे हैं. वो कहते हैं कि वो आज चिंतित हैं.इससे देश समझ रहा है कि थ्य़ोरी कौन बना रहा है."
- कांग्रेस प्रवक्ता अजय उपाध्याय ने इसके जवाब में कहा, "राम मंदिर चढ़ावा चोरी तो हुई, ये खेल लंबे समय से चल रहा था. बड़े बडे नाम इसमें शामिल हैं. कइयों को बचाया गया है, फिर भी ऐसे मामले में भी BJP को डिफेंड करना पड़ रहा है... इससे समझ आता है कि मामला गड़बड़ है."
- वहीं, सपा प्रवक्ता सुनील यादव ने कहा, "जिन्होंने राम मंदिर का चढ़ावा लूटा है, वही तो हैं ना असली कालनेमी. ये कालनेमी कौन हैं और कहां से आते हैं? कोई BJP से आता है, तो कोई RSS से ताल्लुक रखता है. कुछ विश्व हिंदू परिषद से आते हैं.इसलिए तो योगी जी पूरी ताकत लगा रहे हैं कि आरोपियों को बचा लिया जाए. लेकिन, वो बचा नहीं पाएंगे. हम राम विरोधी नहीं हैं. प्रभु श्रीराम की कृपा से ही अखिलेश यादव ने चंदा चोरी का खुलासा किया था. इस बार चुनाव में इन लोगों का रामजी बेड़ा पार नहीं लगा पाएंगे."
BJP के लिए अयोध्या क्यों अहम है?
राम मंदिर आंदोलन BJP की वैचारिक राजनीति का सबसे बड़ा आधार रहा है. 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर का भूमि पूजन और 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को पार्टी ने अपनी बड़ी राजनीतिक और वैचारिक उपलब्धि के रूप में पेश किया. ऐसे में अगर राम मंदिर से जुड़े किसी भी मुद्दे पर विवाद खड़ा होता है, तो उसका राजनीतिक असर स्वाभाविक रूप से BJP पर भी पड़ सकता है.
2024 के चुनाव ने क्या संकेत दिए?
2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट की रही.यहां BJP को हार का सामना करना पड़ा. सपा के अवधेश प्रसाद को इस सीट से जीत मिली. इस नतीजे के बाद राजनीतिक विश्लेषकों ने कहा कि केवल धार्मिक प्रतीक ही चुनावी जीत की गारंटी नहीं हैं. स्थानीय मुद्दे, मुआवजा, विकास, रोजगार और आम लोगों की नाराजगी भी चुनावी परिणामों को प्रभावित कर सकती है.
Dabate Story: 'टोंटी चोर' कैसे बोला...? जब LIVE डिबेट में भिड़ गए सपा-BJP प्रवक्ता, जानें पूरा मामला
क्या चढ़ावा विवाद चुनावी मुद्दा बन सकता है?
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी मुद्दे का चुनावी प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि वह मतदान तक जनता के बीच कितना प्रासंगिक बना रहता है. अगर आने वाले महीनों में यह विवाद लगातार चर्चा में रहता है, विपक्ष इसे प्रभावी ढंग से उठाता है और जनता के बीच इसकी स्वीकार्यता बनती है, तो यह 2027 के चुनाव में एक मुद्दा बन सकता है.
क्या सिर्फ अयोध्या तय करेगी 2027 का चुनाव?
उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटें हैं. हर क्षेत्र का चुनावी गणित अलग है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान और कानून-व्यवस्था के मुद्दे प्रभावी हो सकते हैं, जबकि पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र की प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि अयोध्या या राम मंदिर से जुड़ा कोई एक विवाद पूरे चुनाव की दिशा तय कर देगा. हालांकि, यह जरूर है कि अयोध्या से जुड़ा हर मुद्दा राजनीतिक और प्रतीकात्मक रूप से राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें