उत्तर प्रदेश में महंगी हुई बिजली, जून से देना होगा ज्यादा बिल, अब 10 फीसदी एक्स्ट्रा चार्ज वसूलेगी UPPCL
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने जून महीने से बिजली बिल पर 10 फीसदी अतिरिक्त सरचार्ज वसूलने का फैसला किया है. इससे अब उपभोक्ताओं को बढ़ा हुआ बिल मिलेगा.
Uttar Pradesh Electricity Bills Increase: अभी जनता दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमत से जूझ ही रही थी, तब तक उत्तर प्रदेश के लोगों को एक और झटके वाली खबर मिली है. यूपी में बिजली महंगी होने वाली है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अगले महीने से बिजली बिल में 10 फीसदी अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का फैसला किया है. इससे टोटल बिल अब बढ़कर आएगा.
क्यों बढ़ाया गया अतिरिक्त शुल्क?
आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, ईंधन सरचार्ज पर बढ़ोतरी के कारण UPPCL ने बिजली बिल में 10 फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क जोड़ने का फैसला किया है. यहां समझने वाली बात है कि बिजली की दरों में बढ़ोतरी नहीं की गई है. लेकिन 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क जोड़ने के कारण महीने का बिल बढ़ जाएगा. इस फैसले का असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक उपयोग के लिए बिजली इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों पर भी पड़ेगा.
यूपी में बढ़ रही है बिजली की मांग
बिजली बिल में 10 फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क जोड़ने का फैसला ऐसे समय लिया गया है जब प्रदेश में बिजली की मांग चरम पर है. प्रदेश में बिजली कटौती भी हो रही है. उपभोक्ता पहले से ही बिजली संकट और अनियमित आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं. शहरी क्षेत्रों में बढ़ते दबाव के कारण ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं.
सपा और अखिलेश यादव हमलावर
प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव सरकार पर हमलावर हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री को असफल बताते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश इस समय महा विद्युत आपदा से गुजर रहा है. सपा प्रमुख का आरोप है कि राज्य में इस संकट से निपटने के नाम पर सरकार सिर्फ समीक्षा बैठकों और दिखावटी व्यवस्थाओं में उलझी हुई है.
मुख्यमंत्री ने दिए हैं निर्बाध आपूर्ति के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच प्रदेश में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसी इसी हफ्ते सीएम योगी ने ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा एवं राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की उपस्थिति में ऊर्जा विभाग, पावर कॉरपोरेशन एवं सभी डिस्कॉम के अधिकारियों के साथ एक बैठक की और कहा कि आमजन, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े. उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण दौर में ऊर्जा विभाग पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे.
यूपी की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ी
ऊर्जा विभाग के साथ बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 13,388 मेगावाट हो गई है. इसमें अनपरा, ओबरा, हरदुआगंज, परीछा, जवाहरपुर और पनकी जैसे तापीय विद्युत गृहों की 9,120 मेगावाट क्षमता शामिल है. जल विद्युत परियोजनाओं से 526.4 मेगावाट क्षमता उपलब्ध है. इसके अतिरिक्त मेजा, घाटमपुर और खुर्जा परियोजनाओं से संयुक्त उपक्रमों के माध्यम से 3,742 मेगावाट क्षमता राज्य को प्राप्त हो रही है. गैर पारंपरिक ऊर्जा विकल्पों से भी लगभग 10 हजार मेगावॉट बिजली उत्पादन हो रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें