पूरा देश चैत्र कृष्ण प्रतिपदा को होली मनाता है, लेकिन यहां पर ये पर्व द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. (Photo from Freepik)
रंगों और खुशियों का त्योहार होली को देशभर में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. लेकिन यूपीके गाजीपुर जिले के सादात ब्लॉक स्थित भीमापार ग्राम पंचायत की परंपरा बिल्कुल अलग है. यहां लोग मुख्य तिथि के अगले दिन होली खेलते हैं. दशकों से चली आ रही यह परंपरा आज भी वैसे ही निभाई जा रही है. जब देशभर में लोग तय तारीख पर रंगों से खेल रहे होते हैं, तब भीमापार के लोग इंतजार कर अगले दिन पूरे जोश के साथ होली खेलते हैं.
परंपरा के पीछे क्या राज है?
भीमापार में एक दिन बाद होली मनाने के पीछे एक दिलचस्प कहानी है. बुजुर्ग बताते हैं कि पुराने समय में गांव में नर्तकियां रहती थीं. होली के दिन गांव के प्रतिष्ठित लोग और अन्य ग्रामीण आसपास के घरों पर होली खेलने चले जाते थे. ऐसे में मुख्य दिन गांव लगभग खाली हो जाता था, जब अगले दिन सभी लोग वापस लौटते थे तब गांव में सामूहिक रूप से होली मनाई जाती थी. धीरे-धीरे यही परंपरा बन गई और पीढ़ी दर पीढ़ी चलती रही.
बदलाव की कोशिश की गई, लेकिन…
दूसरा तर्क यह दिया जाता है कि कभी किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति या संत के निधन के कारण गांव में मुख्य दिन होली नहीं मनाई गई. उस घटना के बाद से लोगों ने तय कर लिया कि वे अगले दिन ही होली खेलेंगे. कुछ लोगों ने समय-समय पर इस परंपरा को बदलने की कोशिश भी की. लेकिन ग्रामीणों का विश्वास है कि जब भी ऐसा प्रयास हुआ, गांव में कोई न कोई अशुभ घटना घट गई. इसी डर और श्रद्धा के चलते आज भी लोग पुरानी परंपरा को निभा रहे हैं.
पंचांग से अलग क्यों है यहां की तारीख?
पंचांग के अनुसार, ब्राह्मण और ज्योतिषाचार्य तिथि और नक्षत्र देखकर त्योहार की तारीख तय करते हैं. पूरा देश चैत्र कृष्ण प्रतिपदा को होली मनाता है, लेकिन भीमापार में यह पर्व द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. इस साल भी जब देशभर में तय दिन होली खेली जाएगी, तब यहां के लोग अगले दिन रंगों का त्योहार मनाएंगे. ग्रामीणों का मानना है कि उनकी परंपरा पूर्वजों से चली आ रही है और उसे बदलना ठीक नहीं होगा. भले ही तारीख अलग हो, लेकिन यहां का उत्साह और उमंग किसी से कम नहीं होती.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.