क्या मायावती की BSP में शामिल होने वाले हैं आजम खान? जेल से बाहर आते ही SP नेता ने कर दिया साफ

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:September 23, 2025 8:33 PM IST

UP News Hindi: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) लगभग 2 साल बाद जेल से बाहर आए हैं. यूपी सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान सीतापुर जेल में बंद थे.

UP News Hindi: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) करीब 2 साल बाद जेल से रिहा हुए हैं. यूपी सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान के स्वागत में सैकड़ों समर्थक सीतापुर जेल के बाहर जमा हुए थे. जेल से बाहर आने के बाद SP नेता ने मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) में शामिल होने की अफवाहों पर भी बात की. मालूम हो कि बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से BSP के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के बयान के बाद से आजम खान के अगले कदम को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं.

Advertising
Advertising

'बसपा में शामिल होने की चर्चा'

बसपा नेता उमाशंकर सिंह ने कहा था कि आजम खान का पार्टी में स्वागत किया जाएगा और उनके आने से संगठन और मज़बूत होगा. इसके बाद से आजम खान के मायावती खेमे में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगीं थीं. हालांकि, आजम खान ने ऐसी अफवाहों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि केवल अटकलें लगाने वाले ही स्पष्टता दे सकते हैं.

क्या बोले आजम खान?

उन्होंने कहा कि यह केवल वही लोग बता सकते हैं जो अनुमान लगा रहे हैं. मैं जेल में किसी से नहीं मिला. फोन करने की इजाजत नहीं थी, इसलिए मैं 5 साल तक पूरी तरह से बाहरी संपर्क में नहीं रहा. SP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ मुकदमे वापस लेने वाले' बयान पर उन्होंने कहा कि मैं क्या कह सकता हूं?

'मैंने कभी अन्याय नहीं होने दिया'

एक सवाल पर पूर्व मंत्री आजम खान ने कहा कि बदले की राजनीति तब शुरू होती है, जब मैंने किसी को नुकसान पहुंचाया हो. मैंने सभी के साथ अच्छा व्यवहार किया है. मैंने अपनी कलम से कोई अन्याय नहीं होने दिया. कोई यह दावा नहीं कर सकता कि मैंने किसी के साथ अन्याय किया है.

सपा प्रमुख ने किया ट्वीट

उधर, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक्स पर लिखा कि आजम खान की रिहाई उनके और उनके परिवार और हम सब के साथ-साथ, उन सब लोगों के लिए राहत और ख़ुशी की बात है जो 'इंसाफ' में ऐतबार करते हैं. न्याय में विश्वास को बनाए रखने के लिए अदालत का दिल से शुक्रिया. उन्होंने लिखा कि आज फर्जी मुकदमे करने वालों को भी ये सबक मिल गया है कि हर 'झूठ' की एक मियाद होती है और हर 'साज़िश' की भी. जो लोग सामाजिक सौहार्द के प्रतीक होते हैं, भाजपा को वो कभी अच्छे नहीं लगते हैं.

क्या बोले अखिलेश यादव?

सपा मुखिया ने लिखा कि माननीय आजम खान एक बार फिर से हर उपेक्षित, पीड़ित, दुखी, अपमानित के साथ खड़े होकर, भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के द्वारा किये जा रहे जनता के दमन के खिलाफ आवाज उठाएंगे और हमेशा की तरह देश-प्रदेश की भावनात्मक एकता के प्रतीक बनकर, समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों के साथ, सामाजिक न्याय के संघर्ष की राह पर आगे बढ़ते जाएंगे. इंसाफ जिंदाबाद. मालूम हो कि SP नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान विभिन्न आपराधिक मामलों में लगभग 2 साल बाद जमानत मिलने के के बाद सीतापुर जिला कारागार से रिहा हुए.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें