महाकुंभ जाने से पहले जान लें जरूरी अपडेट, आखिरी हफ्ते में कैसी होगी चाक-चौबंद व्यवस्था, क्या होगा खास

जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, आवागमन में असुविधा और छात्र हित में 21 फरवरी से 26 फरवरी तक जनपद के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में स्थित कक्षा एक से आठ तक के समस्त विद्यालयों में कक्षाएं आनलाइन संचालित की जाएंगी.

Published date india.com Published: February 22, 2025 11:05 AM IST
महाकुंभ जाने से पहले जान लें जरूरी अपडेट, आखिरी हफ्ते में कैसी होगी चाक-चौबंद व्यवस्था, क्या होगा खास

महाकुंभ में आखिरी दिन 26 फरवरी है, इस दिन महाशिवरात्रि का स्नान है. 26 फरवरी को महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर है. आस्था के पर्व कुंभ के आखिरी दिन बेहद भीड़ जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया, हम बेहतर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और अंतिम स्नान के साथ ही सप्ताहांत यानी शनिवार एवं रविवार के लिए व्यवस्था कर रहे हैं. हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा ना हो. हमने मेले में पांटून पुल, नदी में जल की मात्रा आदि देखी.

गंगा में पानी बढ़ाने की व्यवस्था

गंगा नदी में अभी 11,000 क्यूसेक पानी है और यमुना में लगभग 9,000 क्यूसेक पानी है. आगामी स्नान पर्व के लिए गंगा में पानी बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है. मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार ने नाव से संगम घाटों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई की व्यवस्था को परखने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये.

1.16 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान

शुक्रवार को शाम छह बजे तक 1.16 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया. मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 13 जनवरी से अभी तक 59 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ में आकर गंगा और संगम में स्नान कर चुके हैं.

रेलवे ने भी की है खास तैयारी

रेलवे ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के अंतिम सप्ताह के दौरान तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या की संभावना के मद्देनजर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं. मंत्रालय ने बताया कि रेलवे ने उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ स्थापित किए हैं. ये ‘होल्डिंग एरिया’ प्लेटफॉर्म के बाहर स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को नियंत्रित करने और भीड़भाड़ को रोकने में मदद मिलेगी. मंत्रालय ने कहा, ‘‘यात्रियों को उनकी ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान के समय पर प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी. उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद, आनंद विहार, नयी दिल्ली, अयोध्या धाम और बनारस में बड़े पैमाने पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने भी बनारस, सिवान, बलिया, देवरिया, छपरा और गोरखपुर में ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं.

प्रदेश सरकार 1200 अतिरिक्त बसें चलाएगी

महाकुंभ मेले के अंतिम चरण के सफल संचालन के लिये प्रदेश सरकार 1200 अतिरिक्त बसें चलाएगी. उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि स्नान एवं 20 से 28 फरवरी, 2025 के लिए 1,200 बसें रिजर्व रखी गई हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो.इसके अलावा संगम क्षेत्र में 750 शटल बसें पहले से संचालित की जा रही हैं.

महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की अवधि बृहस्पतिवार को 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक के लिए बढ़ा दी.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.