सरकार का बड़ा तोहफा: PNG कनेक्शन पर दे रही जबरदस्त छूट, जल्दी करें अप्लाई

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:April 5, 2026 6:19 PM IST

लखनऊ में LPG सिलेंडर की कमी के बीच PNG कनेक्शन की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसके चलते रजिस्ट्रेशन और अन्य चार्ज पूरी तरह से माफ करने का फैसला लिया गया.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरकार और प्रशासन मिलकर पीएनजी (PNG) को बढ़ावा दे रहे हैं. इसी दिशा में ग्रीन गैस कंपनी ने नया कनेक्शन लेना आसान बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अभी के लिए रजिस्ट्रेशन और अन्य चार्ज पूरी तरह माफ कर दिए गए हैं, जिससे आम लोगों को आर्थिक राहत मिल सके. इतना ही नहीं, नए उपभोक्ताओं को पहले बिल में 500 रुपये की छूट देने की भी योजना पर विचार किया जा रहा है.

Advertising
Advertising

PNG कनेक्शन की डिमांड तेजी से बढ़ रही

शहर में इस समय करीब 84 हजार घरों में PNG का इस्तेमाल हो रहा है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है. हाल ही में करीब 900 लोगों ने नए कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. ग्रीन गैस के अधिकारियों के मुताबिक, 14 मार्च से 3 अप्रैल के बीच ही 190 नए कनेक्शन दिए जा चुके हैं. कंपनी ने कनेक्शन देने के लिए तीन चरणों में योजना बनाई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक यह सुविधा पहुंच सके.

कुछ जगहों पर 1 महीने से नहीं मिला सिलेंडर

दूसरी तरफ नाग्राम और आसपास के ग्रामीण इलाकों में LPG की भारी किल्लत देखने को मिल रही है. यहां भारत गैस के एक हजार से ज्यादा उपभोक्ता पिछले एक महीने से सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि उन्नाव के असरेंदा से आने वाली सप्लाई गाड़ी लंबे समय से नहीं आई है. होली से पहले जिन लोगों ने बुकिंग कराई थी, उन्हें अब तक गैस नहीं मिल पाई है. इससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर पड़ रहा है.

मजबूरी में चूल्हा-अंगीठी बनी सहारा

सिलेंडर न मिलने की वजह से ग्रामीण परिवारों को पुराने तरीके अपनाने पड़ रहे हैं. कई घरों में अब लकड़ी, कंडे और अंगीठी पर खाना बन रहा है. समेसी और आसपास के गांवों के लोगों का कहना है कि वे रोज गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं मिल रहा. फोन नंबर भी बंद हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है. खासकर महिलाओं और बच्चों को धुएं की वजह से काफी परेशानी हो रही है.

PNG ही बन सकता है बेटर ऑप्शन

इस पूरी स्थिति से साफ है कि जहां एक तरफ शहर में पीएनजी जैसी आधुनिक सुविधा तेजी से बढ़ रही है, वहीं ग्रामीण इलाकों में LPG की समस्या अभी भी गंभीर बनी हुई है. अगर पीएनजी का नेटवर्क गांवों तक पहुंचता है, तो लोगों को इस तरह की परेशानियों से राहत मिल सकती है. फिलहाल सरकार और कंपनियों की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोग पीएनजी अपनाएं, ताकि गैस सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें कम हों और लोगों को सुरक्षित, सस्ती और लगातार मिलने वाली ऊर्जा का विकल्प मिल सके.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें