UP में उपचुनाव से पहले BSP चीफ मायावती ने किया बड़ा ऐलान, विरोधियों की बड़ी सकती हैं मुश्किलें
UP Assembly By-Elections 2024: यूपी में नौ विधानसभा सदस्यों के लोकसभा के लिए चुने जाने और एक विधायक को सजा मिलने के बाद 10 सीटें खाली हुई हैं. जिनपर उपचुनाव होने वाले हैं.
UP By-Elections: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने यूपी में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले बड़ा ऐलान किया. उन्होंने रविवार को कहा कि निकट भविष्य में राज्य की 10 रिक्त विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में उनकी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी और पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी.
मायावती ने लखनऊ में प्रदेश कार्यालय में पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की एक समीक्षा बैठक में उपचुनाव लड़ने की घोषणा की. अमूमन उपचुनावों से दूर रहने वाली बसपा ने इस उपचुनाव को पूरे दमखम से लड़ने का फैसला किया है.
बसपा प्रमुख ने क्या कुछ कहा?
बसपा मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में मायावती ने कहा है, 'लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में रिक्त हुई 10 विधानसभा सीटों पर प्रस्तावित उपचुनावों के लिए अभी चुनाव की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसे लेकर सरगर्मी लगातार बढ़ रही है.'
'पूरे दमखम के साथ लड़ेंगे चुनाव'
मायावती ने कहा, 'खासकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सरकार द्वारा इसे (उपचुनाव) प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेने के कारण इन उपचुनावों में लोगों की रुचि काफी बढ़ी है. बसपा ने भी इन उपचुनावों में सभी (10) सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने और पूरे दमखम के साथ लड़ने का फैसला किया है.'
'बसपा गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की पार्टी'
बसपा प्रमुख ने आग्रह किया कि चूंकि, बसपा गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की पार्टी है तथा दूसरे दलों की तरह यह बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के सहारे और इशारे पर नहीं चलती है, इसलिए इसके समर्थक पूरे तन-मन-धन से सहयोग कर पार्टी के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाएं.
लोकसभा चुनाव में नहीं खुला था खाता
राज्य में 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 403 सीटों में मात्र एक सीट और लोकसभा चुनाव में पूरी तरह सफाया होने के बाद बसपा की उम्मीदें उपचुनावों पर टिकी हैं. आरक्षण को लेकर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अंदर उप-वर्गीकरण और क्रीमी लेयर’ संबंधी मामलों के बीच बसपा प्रमुख अब पूरे तेवर में दिख रही हैं.
यूपी में क्यों हो रहे उपचुनाव?
उत्तर प्रदेश के नौ विधानसभा सदस्यों के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से और कानपुर के सीसामऊ से (सपा) विधायक इरफान सोलंकी को (एक आपराधिक मामले में) सजा सुनाए जाने के बाद कुल 10 सीटें रिक्त हुई हैं. विधानसभा के एक अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग को 10 सीटों की रिक्ति की सूचना भेज दी गई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें