UP Assembly Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए आज मतदान होगा. इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की सीट गोरखपुर सदर (Gorakhpur Sadar) भी शामिल है. आज होने वाले मतदान के लिए राज्य चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होगी और शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे. छठे चरण में प्रदेश के 10 जिलों की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. इन जिलों में अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया तथा बलिया समेत 10 जिलों की कुल 57 सीटों पर मतदान होगा.
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (बांसी), बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी (इटवा), पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (फाजिलनगर) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (तमकुही राज) से चुनाव मैदान में हैं. प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में विधानसभा के लिए मतदान होना है. अब तक पांच चरणों में 292 सीटों पर मतदान हो चुका है. आखिरी दो चरणों में से एक छठे चरण का मतदान आज है. वहीं, सातवें चरण में 111 सीटों पर मतदान सात मार्च को होगा.
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस चरण में एक करोड़ महिलाओं समेत करीब 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि मतदान स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे वे सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि इस चरण में 66 महिलाओं समेत कुल 676 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा.
मतदान पर नजर रखने के लिए चुनाव आयोग ने 56 सामान्य प्रेक्षक, 10 पुलिस प्रेक्षक तथा 18 व्यय प्रेक्षक तैनात किये हैं. इसके अलावा 1680 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 228 जोनल मजिस्ट्रेट, 173 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2137 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं. इसके साथ ही राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक तथा दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं.
वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के छठे चरण में इन 57 सीटों में 46 सीटें भाजपा और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने जीती थी. हालांकि सुभासपा इस बार समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है. ऐसे में भाजपा के लिए भी चुनौती बढ़ी है.
छठे चरण में होने वाले मतदान में कई दिग्गजों की राजनीतिक साख दांव पर लगी है. इसमें गोरखपुर सदर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा दांव पर है. इसके अलावा सिद्धार्थनगर जिले की बांसी सीट पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भाजपा उम्मीदवार के तौर पर फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इसी जिले की इटवा सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व सपा उम्मीदवार माता प्रसाद पांडेय का मुकाबला राज्य के बेसिक शिक्षा मंत्री व भाजपा उम्मीदवार सतीश चंद्र द्विवेदी से है.
कुशीनगर जिले की पडरौना विधानसभा सीट से पिछली बार भाजपा से चुनाव जीते और करीब पांच वर्ष तक योगी सरकार में श्रम मंत्री रह चुके स्वामी प्रसाद मौर्य इस बार कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से सपा के उम्मीदवार हैं. जहां उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा से है. राज्य के कृषि मंत्री और भाजपा उम्मीदवार सूर्य प्रताप शाही का देवरिया जिले की पथरदेवा सीट पर अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी सपा के ब्रह्माशंकर त्रिपाठी से मुकाबला है. इसके अलावा स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री श्रीराम चौहान (खजनी-गोरखपुर), राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद (रुद्रपुर-देवरिया) तथा पत्रकारिता से राजनीति में आये शलभ मणि त्रिपाठी (देवरिया) में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं
कुशीनगर की तमकुहीराज सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू चुनाव मैदान में हैं. छठे चरण में ही बलिया में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी (बांसडीह) में सपा से और बसपा विधायक दल के नेता रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में बसपा से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.छठे चरण में अंबेडकरनगर जिले की कटेहरी विधानसभा सीट पर बसपा विधायक दल के नेता रह चुके लालजी वर्मा इस बार सपा के उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वहीं, इसी जिले की अकबरपुर विधानसभा सीट पर बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर इस बार सपा के उम्मीदवार हैं.
(इनपुट-एजेंसी)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.