यूपी में भारी बारिश से अब तक 70 लोगों की मौत, कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्‍तर, खाली कराए गए गांव

उत्तर प्रदेश में कुछ दिन पहले शुरू हुआ रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी है. अब तक कुल 70 लोगों की मौत हो गई.

Updated: July 30, 2018, 11:56 AM IST

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कुछ दिन पहले शुरू हुआ रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी है. गुरूवार से रविवार तक भारी बारिश के चलते हुई घटनाओं में कुल 70 लोगों की मौत हो गई, जबकि 77 अन्य घायल हो गए. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है. उधर, कानपुर में भारी बारिश के बाद गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. इसके चलते स्थानीय प्रशासन ने गंगा बैराज के पास कम पड़ने वाले गांवों को खाली कर दिया है.

प्रदेश के राहत आयुक्त संजय प्रसाद ने बताया कि भारी बारिश के कारण हुई विभिन्न घटनाओं में कुल 70 लोगों की मौत हुई हैं और 77 अन्य घायल हुए हैं. सबसे अधिक 11 मौतें सहारनपुर में हुईं हैं. राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे जनता को अलर्ट रखें और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें. साथ ही जर्जर भवनों को खाली करायें. मुख्यमंत्री ने वित्तीय सहायता और चिकित्सकीय उपचार के भी निर्देश दिये हैं.

यूपी में भारी बारिश, रेल से लेकर हवाई सेवाएं ठप, योगी सरकार के मंत्री ‘जैकी’ के घर के बाहर भरा पानी

प्रदेश में मानसून सक्रिय, लगातार हो रही बारिश

इस बीच, मौसम विभाग के मुताबिक पूरे प्रदेश में मानसून की सक्रियता बरकरार है और पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश हुई. कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हुई. इस अवधि में बिजनौर में सबसे ज्यादा 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी. इसके अलावा नीमसार में 13, पट्टी में 12, नजीबाबाद और देवबंद में 11-11, बनी, राम सनेही घाट, जमानिया और फूलपुर में 10-10, नगीना में नौ, मुरादाबाद में आठ, फैजाबाद, महराजगंज, हैदरगढ़, पूरनपुर और कैसरगंज में सात-सात सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी.

तेज बारिश का सिलसिला अगले दो दिन तक रहेगा जारी

अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रह सकता है. प्रदेश में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही वर्षा से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. घाघरा और शारदा ने तो रौद्र रूप ले लिया है. केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक घाघरा नदी एल्गिनब्रिज के बाद अब अयोध्या में भी खतरे के निशान को पार कर गयी है. वहीं, तुर्तीपार में इसका जलस्तर लाल चिह्न के नजदीक बना हुआ है.

दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर यमुना, लोहा पुल बंद, 27 ट्रेनें रद्द, 7 के रूट बदले

शारदा खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर

इसके अलावा शारदा नदी पलियाकलां में खतरे के निशान से एक मीटर से भी ज्यादा ऊपर बह रही है. शारदानगर में इसका जलस्तर लाल निशान से करीब बरकरार है. यमुना नदी प्रयागघाट (मथुरा) में खतरे के निशान की तरफ बढ़ रही है. वहीं, गंगा नदी का जलस्तर नरौरा में लाल चिह्न की तरफ बढ़ गया है. (इनपुट एजेंसी)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.