UP की ड्राफ्ट लिस्ट में कटे 2.89 करोड़ वोटरों के नाम, जानिये उनके पास क्या है ऑप्शन? क्या अब नहीं दे पाएंगे वोट!

UP SIR List: उत्तर प्रदेश में जारी नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अब 12 करोड़ 55 लाख मतदाता के नाम हैं. जिन लोगों के नाम कटे हैं उनके पास आपत्ति दर्ज करवाने के लिए फरवरी तक का समय है.

Published date india.com Updated: January 6, 2026 4:43 PM IST
UP SIR Draft List PDF

UP SIR Update: उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है. यूपी की नई ड्राफ्ट सूची में 12 करोड़ 55 लाख मतदाता के नाम हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य में फाइनल वोटर लिस्ट 6 मार्च को जारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट लिस्ट में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे हैं. ड्राफ्ट लिस्ट में जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं उनके पास आपत्ति दर्ज करवाने के लिए 6 फरवरी तक का समय है.

कब तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति?

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि SIR की प्रक्रिया के बाद मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी गई है. इसमें 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाता शामिल हैं. पिछले साल 27 अक्टूबर की मतदाता सूची में 15 करोड़ 44 लाख 30 हजार 92 मतदाता थे. मसौदा सूची में लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं को गिनती के दौरान शामिल नहीं किया जा सका है. CEO ने कहा कि अब मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दर्ज करायी जा सकेंगी. इस दौरान लोग सूची में नाम शामिल करने, सुधार करने या आपत्ति करने के लिए आवेदन कर सकते हैं.

किन-किन मतदाताओं के कटे हैं नाम?

रिणवा ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि 46.23 लाख मतदाता (2.99 प्रतिशत) मृत पाए गए, जबकि 2.57 करोड़ मतदाता (14.06 प्रतिशत) या तो स्थायी रूप से बाहर चले गये थे या प्रमाणन की प्रक्रिया के दौरान मौजूद नहीं थे. वहीं, 25.47 लाख अन्य मतदाताओं का नाम एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाया गया. उन्होंने कहा, ‘मसौदा मतदाता सूची में अब 12.55 करोड़ मतदाता हैं. इनमें राज्य के सभी 75 जिले और 403 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं.’

कितने बूथ किये गये थे शामिल?

रिणवा ने बताया कि इस काम में एक लाख 72 हजार 486 बूथ शामिल किये गये थे. इनमें बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) फार्म भरवाने के लिये मतदाताओं तक पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 5,76,611 बूथ स्तरीय एजेंटों ने भी इस काम में मदद की.

क्यों बढ़ाई गई थी समय सीमा?

CEO ने बताया कि प्रदेश में SIR की कवायद 11 दिसंबर को खत्म होने वाली थी, लेकिन लगभग दो करोड़ 97 लाख मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से बाहर हो रहे थे. इसके बाद 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा गया. इसके मद्देनजर निर्वाचन आयोग की मंजूरी से SIR प्रक्रिया की अवधि 26 दिसंबर तक बढ़ा दी गई थी. रिणवा ने बताया कि शुरू में मसौदा मतदाता सूची जारी करने की तारीख 31 दिसंबर तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे छह जनवरी कर दिया गया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं आया नाम तो आगे क्या?

अगर आप उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और लिस्ट में आपका नाम नहीं आया है तो आपके पास दावा और आपत्ति के लिए एक महीने का समय है. अगर लिस्ट में आपका नाम नहीं है तो आपो फॉर्म-6 भरकर जमा करना होगा. साथ ही नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वालों के लिए फॉर्म-6K, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और सुधार/प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा.

यूपी मतदाता ड्राफ्ट लिस्ट की अहम बातें

  • मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए बीएलओ, इसिनेट मोबाइल ऐप, ceouttarpradesh.nic.in या voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है.
  • अगर लिस्ट में आपका नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर जमा करना होगा. नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वालों के लिए फॉर्म-6K, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और सुधार/प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा.
  • आवेदन प्रपत्र बीएलओ, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र (वीआरसी), ceouttarpradesh.nic.in से प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं. या फिर इसिनेट मोबाइल ऐप/voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है.
  • निर्धारित प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से कोई नाम नहीं हटाया जाएगा.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.