योगी मंत्रिमंडल में शामिल हुए 6 नए चेहरे, कुल 8 मंत्रियों ने ली शपथ

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Published Date:May 10, 2026 3:46 PM IST

Yogi Cabinet Expansion: योगी सरकार में आज नए मंत्री शपथ लेंगे. कैबिनेट विस्तार में ब्राह्मण, जाट, दलित और पिछड़े वर्ग को साधने की तैयारी दिख रही है.

Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार पर आखिरकार फैसला ले लिया है. रविवार दोपहर लखनऊ के लोकभवन में नए मंत्रियों ने शपथ ली. माना जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने यह बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात भी की थी. सरकार में खाली पड़े पदों को भरने के साथ-साथ अलग-अलग समाजों को संदेश देने की कोशिश की गई है.

Advertising
Advertising

जातीय संतुलन पर बीजेपी का बड़ा फोकस

इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी ने किसी बड़े प्रयोग की जगह सामाजिक संतुलन पर ज्यादा ध्यान दिया है. पार्टी ब्राह्मण, जाट, दलित, पासी, वाल्मीकि, लोधी और अति पिछड़ा वर्ग को साथ जोड़ने की रणनीति पर काम करती दिख रही है. यही वजह है कि जिन नेताओं को जगह मिली है, वे अलग-अलग समाजों से आते हैं. बीजेपी को लगता है कि इससे आने वाले चुनाव में अलग-अलग वर्गों के वोट बैंक को मजबूत किया जा सकता है. राजनीतिक जानकार भी इसे 2027 चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं.

कई नेताओं का बढ़ा राजनीतिक कद

मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ पुराने चेहरों को प्रमोशन मिलने की भी चर्चा रही. पश्चिम यूपी के नेता सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल का कद बढ़ाया गया है. वहीं नए चेहरों में कैलाश राजपूत और सुरेंद्र दिलेर जैसे नेताओं को भी जगह मिली. कैलाश राजपूत को लोधी समाज का मजबूत नेता माना जाता है, जबकि सुरेंद्र दिलेर की वाल्मीकि समाज में अच्छी पकड़ बताई जाती है. बीजेपी इन समाजों को मजबूत संदेश देना चाहती है ताकि चुनाव से पहले पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके.

मनोज पांडे और भूपेंद्र चौधरी पर सबसे ज्यादा चर्चा

इस मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे ज्यादा चर्चा रायबरेली के विधायक मनोज पांडे के नाम की रही. कभी समाजवादी पार्टी के करीबी रहे मनोज पांडे अब बीजेपी के साथ नजर आ रहे हैं. ब्राह्मण चेहरे के तौर पर बीजेपी उन्हें अहम मान रही है. वहीं पश्चिम यूपी के बड़े जाट नेता भूपेंद्र चौधरी को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की बात सामने आई है. संगठन और राजनीति दोनों में उनका लंबा अनुभव रहा है. बीजेपी पश्चिम यूपी में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए उन्हें अहम चेहरा मानती है.

दलित और पिछड़े वर्ग को साधने की तैयारी

बीजेपी ने इस बार दलित और पिछड़े वर्ग पर भी खास फोकस किया है. फतेहपुर की विधायक कृष्णा पासवान को पासी समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है. वहीं हंसराज विश्वकर्मा को अति पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी गैर-यादव ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश में लगी है. माना जा रहा है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार से बीजेपी अलग-अलग समाजों को सीधा संदेश देना चाहती है कि सरकार में सभी वर्गों को बराबर महत्व दिया जा रहा है.

शपथ लेने वाले मंत्रियों की लिस्ट

  1. हंसराज विश्वकर्मा
  2. कैलाश लोधी
  3. कृष्णा पासवान
  4. सुरेंद्र दिलेर
  5. मनोज पांडे
  6. भूपेंद्र चौधरी
  7. नरेन्द्र कश्यप (वर्तमान में राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप को प्रमोट कर अब कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा.)
  8. अजीत पाल (राज्य मंत्री अजीत पाल को भी उनके बेहतर कामकाज का इनाम मिला है, वे भी अब कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.)
Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें