कहते हैं कि किसी भी रिश्ते की नींव भरोसे पर टिकी होती है, लेकिन जब यही भरोसा शक में बदल जाए तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है. कर्नाटक के बेंगलुरु में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जो किसी के भी होश उड़ा देगा. यहां एक प्रेमी अपनी ही प्रेमिका पर शक करते-करते इस कदर बेकाबू हो गया कि उसने उसकी जान ही ले ली. मामला बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके का है. पुलिस के मुताबिक 22 साल की अति हांगमा सुब्बा और पूर्वा लेप्चा लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. दोनों कुछ समय पहले ही नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आए थे और किराए के मकान में साथ रहने लगे थे. अति एक सैलून में रिसेप्शनिस्ट थी,जबकि पूर्वा एक होटल में काम करता था.
जांच में सामने आया है कि आरोपी को काफी समय से अपनी प्रेमिका पर शक था. उसे लगता था कि अति किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में है. हालांकि पुलिस को अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जो इस शक को सही साबित करता हो. बताया गया कि इधर प्रेमी के मन में बैठा शक लगातार बढ़ता जा रहा था. घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई. पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया. गुस्से में आरोपी ने अपना आपा खो दिया और रसोई में रखा चाकू उठा लिया.
पुलिस के अनुसार युवक ने प्रेमिका पर हमला कर दिया और उसके गले पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.