
Md. Raja Alam
नमस्कार, मैं मो राजा आलम हूं और वर्तमान में India.Com हिंदी (Zee Media Group) में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हूं. हिंदी पत्रकारिता में अपने अब तक के दो वर्षों ... और पढ़ें
Black Sea Monster Viral Video: समुद्र की गहराइयों में पाए जाने वाले रहस्यमयी जीव अक्सर इंसानी नजरों से दूर रहते हैं, लेकिन हाल ही में एक बेहद दुर्लभ घटना घटी. टेनेरिफ के तट के पास पहली बार एक वयस्क ब्लैक सीडेविल, जिसे हंपबैक एंग्लरफिश भी कहा जाता है, कैमरे में रिकॉर्ड किया गया. आमतौर पर यह मछली 200 से 2000 मीटर की गहराई में पाई जाती है, लेकिन इस बार यह सतह पर नजर आई. वैज्ञानिकों के अनुसार, यह घटना समुद्री धाराओं, बीमारी या किसी शिकारी से बचने के कारण हो सकती है.
ब्लैक सीडेविल अपने डरावने रूप और अनोखी बनावट के लिए जाना जाता है. इसके सिर के ऊपर एक विशेष एंटीना होता है, जो जैवद्युति (बायोलुमिनसेंस) से चमकता है. यह रोशनी शिकार को आकर्षित करने के लिए इस्तेमाल होती है, ठीक वैसे ही जैसे ‘फाइंडिंग नीमो’ फिल्म में दिखाया गया था. इसका वैज्ञानिक नाम Melanocetus johnsonii है, जिसका अर्थ ‘काला समुद्री राक्षस’ होता है. अब तक इस मछली के केवल मृत नमूने या गहरे समुद्र में पनडुब्बियों द्वारा लिए गए वीडियो ही रिकॉर्ड किए गए थे.
इस मछली को सतह पर देखना एक चौंकाने वाली घटना थी, लेकिन जैसे ही इसे देखा गया, कुछ ही देर में इसकी मौत हो गई. वैज्ञानिकों ने इसके शव को संग्रहालय में शोध के लिए भेज दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मछली सतह तक कैसे आई. ब्लैक सीडेविल बेहद उच्च दबाव वाले गहरे समुद्री वातावरण में जीवित रहती है, इसलिए अचानक सतह पर आने से यह जीवित नहीं रह सकी.
इस दुर्लभ मछली का वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल @jara.natura से पोस्ट किया गया, जिसने वायरल होते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. इसे अब तक 13.3 मिलियन व्यूज और 4.82 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. लोग इस मछली के अजीबोगरीब रूप और इसकी दुर्लभता पर हैरान हैं. कुछ यूजर्स ने इसे ‘नेटवर्क वाले एंटीना’ वाली मछली कहा, तो कुछ ने लिखा, “पहली बार देखी गई और तुरंत मर भी गई.” इस अनोखी घटना को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.