कर्तव्य पथ को भी नहीं छोड़ा...इंडिया गेट के सामने गुटखा खाकर थूकने की तस्वीरें वायरल
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोगों ने कर्तव्य पथ पर कई जगहों पर गुटखा खाकर थूका हुआ है जिसके धब्बे अब तक बरकरार हैं
India Gate’s Kartavya Path: राजधानी दिल्ली में इंडिया गेट से लेकर राष्ट्रपति भवन तक जाने वाला 3 किलोमीटर लंबा 'कर्तव्य पथ' पर्यटकों को खूब लुभाता है. ये एक ऐतिहासिक रास्ता है जिस पर हर साल गणतंत्र दिवस की परेड निकलती है. दिल्ली घूमने आने वाला हर व्यक्ति कर्तव्य पथ पर एक बार जरूर जाता है. आम तौर पर रोज शाम इस जगह भारी भीड़ होती है. लेकिन कुछ लोग ऐसी खूबसूरत और राष्ट्रीय महत्व की जगह की अहमियत भी नहीं समझते. हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं जिनमें इस ऐतिहासिक कॉरिडोर पर गुटखा खाकर थूकने के दाग देखे जा सकते हैं. ऐसी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर सन्न रह गए.
एक्स पर कीरत नाम के यूजर ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. ये तस्वीरें 19 नवंबर को ली गई हैं. इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोगों ने कर्तव्य पथ पर कई जगहों पर गुटखा खाकर थूका हुआ है जिसके धब्बे अब तक बरकरार हैं.
इस अकाउंट से एक साल पहले मार्च 2023 की तस्वीरें भी शेयर की गई हैं जब कर्तव्य पथ बेहद साफ सुथरा और खूबसूरत नजर आ रहा है. 9 नवंबर को शेयर की गई तस्वीरों को 4 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है. कई लोगों ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अपने विचार भी शेयर किए.
एक यूजर ने लिखा, "सरकार को अच्छे सामाजिक व्यवहार को टैक्स/क्रेडिट स्कोर से जोड़ना चाहिए. जो लोग गंदगी फैलाते हैं, गलत तरीके से गाड़ी चलाते हैं, उन्हें आनुपातिक रूप से ज़्यादा टैक्स देना होगा और उन्हें ज़्यादा ब्याज दरों पर लोन भी मिलेगा. जो लोग आदर्श व्यवहार करते हैं, उन्हें आखिरकार कम टैक्स देना होगा."
कुछ अन्य यूजर्स ने सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों को दंडित करने और सार्वजनिक जगहों की सफाई के लिए ज़िम्मेदार विभागों को जवाबदेह बनाने की मांग भी की. लोगों ने कहा कि हम नागरिक हमेशा हर चीज़ के लिए सरकार को दोषी ठहराते हैं, लेकिन हम बुनियादी नागरिक व्यवहार का पालन नहीं करते और उम्मीद करते हैं कि सरकार हर काम करेगी. सबसे पहले हमें कुछ बुनियादी सार्वजनिक व्यवहार सीखना चाहिए.
बता दें कि साल 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में इस रास्ते का नाम कर्तव्य पथ रखा गया था. पहले इसे राजपथ के नाम से जाना जाता था. भारत में ब्रिटिश शासन के दौरान इसे किंग्सवे के नाम से जाना जाता था. कर्थव्य पथ भारते के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का एक बेहद अहम हिस्सा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें