कर्नाटक में 'धूल का फूल' बना 'लिटिल कुमारस्वामी'

सियासत की उठा-पटक वाली तमाम खबरों के बीच कर्नाटक के एक सियासतदां के नाम से जुड़ी एक संवेदनशील खबर आई है.

Published date india.com Published: June 5, 2018 11:32 AM IST
कर्नाटक में 'धूल का फूल' बना 'लिटिल कुमारस्वामी'

नई दिल्ली. कर्नाटक से हाल के दिनों में सियासत की उठा-पटक वाली तमाम खबरों के बीच एक सियासतदां के नाम से जुड़ी एक संवेदनशील खबर आई है. राज्य की राजधानी बेंगलुरू के एक इलाके में प्लास्टिक की थैली में लपेटकर कचरे के ढेर पर फेंक दिए गए एक बच्चे को कर्नाटक के ताजा-ताजा सीएम बने कुमारस्वामी का नाम मिला है. जी हां, कर्नाटक पुलिस ने कचरे के ढेर पर मिले एक बच्चे को ‘लिटिल कुमारस्वामी’ का नाम दिया है. जिस ‘धूल के फूल’ को उसके माता-पिता ने गैर मानकर मरने के लिए फेंक दिया था, उसे अपना समझकर कर्नाटक पुलिस की एक महिला पुलिसकर्मी ने नई जिंदगी दे दी है. इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी पुलिस द्वारा रेस्क्यू किए गए इस बच्चे को बीते शुक्रवार को कचरा बीनने वाले व्यक्ति ने डोड्डाथोगुरु के सेलेब्रिटी लेआउट इलाके में एक निर्माणाधीन घर में पाया था.

जन्म लेते ही मरने को छोड़ दिया क्रूर मां-बाप ने
कचरा बीनने वाले व्यक्ति ने निर्माणाधीन मकान में लावारिस हालत में पड़े बच्चे की सूचना सबसे पहले पास के दुकानदार को दी. दुकानदार ने तत्काल पुलिस को इत्तला किया तो फौरन ही असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) नागेश आर. मौके पर पहुंच गए. तब तक बच्चे को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी. एएसआई नागेश बच्चे को मकान से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया. एएसआई नागेश ने अंग्रेजी अखबार ‘द हिन्दू’ को बताया, ‘बच्चा काफी बुरी हालत में पुलिस को मिला था. उसे प्लास्टिक के थैले में लपेटकर फेंका गया था. उसके पूरे बदन पर खून फैला था और उसकी गर्दन में गर्भनाल लिपटा हुआ था.’ नागेश ने बताया कि बच्चे को पुलिस तुरंत अस्पताल लेकर गई जहां पर डॉक्टरी जांच के बाद बच्चा स्वस्थ पाया गया.

पुलिस स्टेशन में बच्चे को देखते ही अपना लिया अर्चना ने
बच्चे को रेस्क्यू कर एएसआई नागेश उसे पुलिस स्टेशन ले आए और वहां पर तैनात महिला पुलिसकर्मी अर्चना को सौंप दिया. एएसआई नागेश ने बताया कि पुलिस स्टेशन की कर्मी अर्चना ने इस नवजात को देखते ही अपना लिया. ‘द हिन्दू’ के अनुसार तीन महीने के बेटे की मां अर्चना ने जब इस ‘धूल के फूल’ को देखा तो उसका ममत्व जाग उठा. अर्चना ने तुरंत बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे अपना दूध पिलाया. यह एक मां के दूध का असर था, जिसे पीते ही कुछ ही देर बाद बच्चे की रोने की आवाज पुलिस स्टेशन में गूंज उठी. नवजात की दुनिया में पहली आवाज से पुलिस स्टेशन में मौजूद हर व्यक्ति का दिल भर आया.

अब सरकार की देखरेख में पलेगा नवजात
कर्नाटक पुलिस द्वारा रेस्क्यू किए गए इस बच्चे की देखरेख अब सरकार करेगी. सरकारी संरक्षण में उसका पालन-पोषण किया जाएगा. एएसआई नागेश ने अखबार को बताया, ‘पुलिस द्वारा रेस्क्यू किया गया बच्चा अब सरकार का बच्चा है. इसलिए हम लोगों ने इसे अपने नए मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी का नाम दिया है. इस नवजात शिशु का लालन-पालन अब सरकारी देखरेख में किया जाएगा.’ एएसआई नागेश ने बताया कि बच्चे को उसकी सही देखभाल के लिए होसुर रोड स्थित शिशु मंदिर को सौंप दिया गया है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.