Viral: बेटी के 'बरकत' नाम पर लोगों ने उठाए सवाल, मगर मां से मिला ऐसा खूबसूरत जवाब सब चुप हो गए

Written By: Nandan Singh Updated by: Nandan Singh
Updated Date:June 6, 2026 10:21 AM IST

Viral: महिला ने बताया कि लोग उसकी बेटी के नाम पर सवाल उठाते रहते हैं. उसने अब एक पोस्ट के जरिए सबको खूबसूरती के साथ जवाब दिया है.

Viral: गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. बबीता नाम की एक महिला का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वो उन सवालों के जवाब दे रही हैं कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'बरकत' क्यों रखा है. कई लोगों का सवाल है कि 'आपकी बेटी का नाम मुस्लिम नाम जैसा क्यों है?' इसी का जवाब देते हुए उन्होंने पोस्ट में लिखा है, "यह सवाल हमें कई बार सुनने को मिलता है. जब लोगों को हमारी बेटी का नाम 'बरकत' पता चलता है, तो वे अक्सर इसके पीछे की वजह जानना चाहते हैं. लेकिन हमारे लिए इसका जवाब बहुत आसान है. 'बरकत' किसी धर्म का नाम नहीं, बल्कि एक खूबसूरत एहसास और आशीर्वाद है. इस शब्द का मतलब है खुशहाली, समृद्धि, प्रेम और जीवन में भरपूर सुख का होना."

Advertising
Advertising

बेटी के नाम पर उठे सवाल

उन्होंने आगे लिखा है, "हमारी बेटी के जन्म से बहुत पहले ही उसके पिता भारत ने यह नाम सोच लिया था. उनका मानना था कि कुछ बच्चे पहले परिवार के लिए एक आशीर्वाद बनकर दिल में जगह बनाते हैं और बाद में उन्हें नाम मिलता है. इसलिए जब हमारी बेटी इस दुनिया में आई, तो हमें लगा कि 'बरकत' से बेहतर उसके लिए कोई नाम हो ही नहीं सकता. शुरुआत में परिवार के सभी लोग इस नाम को लेकर पूरी तरह सहज नहीं थे. खासकर उसके दादाजी को इस नाम को स्वीकार करने में थोड़ा समय लगा. उन्हें लगता था कि लोग इस नाम को किसी विशेष धर्म से जोड़ सकते हैं. लेकिन जैसे-जैसे उन्होंने अपनी पोती को बड़ा होते देखा, उनका नजरिया बदल गया."

परिवार में आई खुशियां

गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. बबीता ने पोस्ट में आगे लिखा है, "आज उसकी हर मुस्कान, हर छोटी उपलब्धि और हर शरारत उन्हें यह एहसास दिलाती है कि उसका नाम बिल्कुल सही रखा गया है. अब वे भी अपनी पोती में घर की असली 'बरकत' देखते हैं. उसने हमारे परिवार में जितना प्यार, खुशी और अपनापन बढ़ाया है, उससे यह नाम और भी खास हो गया है. वह सचमुच हमारे जीवन में खुशियों की ऐसी सौगात बनकर आई, जिसकी हमें शायद पहले कभी कल्पना भी नहीं थी."

इंस्टाग्राम पर देखिए वायरल वीडियो:

देश की खूबसूरती

उन्होंने आगे लिखा, "शायद यही हमारे देश की सबसे बड़ी खूबसूरती है. यहां शब्द और नाम किसी एक पहचान या दायरे तक सीमित नहीं रहते. वे लोगों की भावनाओं, रिश्तों और संस्कारों से जुड़ जाते हैं. जब कोई प्यार से हमें आशीर्वाद देते हुए कहता है, 'रब करे तुम्हारे घर में बरकत ही बरकत हो,' तो हमारे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. क्योंकि जिस बरकत की दुआ लोग आज हमारे लिए करते हैं, वह तो हमारी जिंदगी में उसी दिन आ गई थी, जिस दिन हमारी बेटी का जन्म हुआ था. इसलिए हमें गर्व है कि हमारी बेटी का नाम बरकत है, और वह हर दिन अपने नाम के अर्थ को सच साबित करती है." बता दें कि यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर gynaecologist_drbabita नाम के हैंडल से शेयर हुआ है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें