Elephant Radio Collar: हाथियों पर नजर रखने के लिए ओडिशा वन विभाग ने खास तरीका अपनाया है. वन विभाग ने अंगुल जिले में एक जगंली हाथी पर सफलतापूर्वक रेडियो कॉलर लगाया, जिससे उसकी गतिविधियों पर नजर रखने और निगरानी करने में मदद मिलेगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि अंगुल वन विभाग में छेंदीपाड़ा रेंज के छेंदीपाड़ा जगंल (सपियोसाही) में एक घायल नर हाथी मिला था. 14 फरवरी से उसके स्वास्थ्य की निगरानी की गई और पशु चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक उसका इलाज किया.
बृहस्पतिवार को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) वन्यजीव सुशांत नंदा ने बताया कि हाथी को जंगल में छोड़ने से पहले, बेहोश कर उस पर रेडियो कॉलर लगाया गया. उन्होंने कहा इलाज के बाद यह हाथी की गतिविधियों और उसके व्यवहार पर नजर रखने में मदद करेगा. वन अधिकारियों ने कहा कि इस कदम से उन इलाकों में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी जहां उनके और मानव के बीच संघर्ष की संभावना होती है.
उनके अनुसार, समय रहते ऐसे किसी संघर्ष को रोकने के लिए कार्रवाई की जा सकेगी.आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक और तमिलनाडु में जंगली हाथियों पर रेडियो कॉलर लगाना सफल रहा और इसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं.
बीते दिनों खबर आई थी कि केरल में एक जंगली हाथी ने व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था. इससे गुस्साए स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद, केरल सरकार ने मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये का मुआवजा और एक नौकरी देने की घोषणा की थी. बताया गया था कि जंगली हाथी के पास एक रेडियो कॉलर था, जिसे कर्नाटक के वन अधिकारियों ने लगाया था, लेकिन हाथी केरल के जंगलों को पार कर गया था और मनथावाडी इलाकों में प्रवेश कर गया था जहां लोग रहते हैं. (इनपुट्स एजेंसी)
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.