धुआं-धुआं हो चुके हैं ईरान के 50 सैन्य ठिकाने... सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा 4 महीने की तबाही का नजारा

Written By: Vineet Sharan Updated by: Vineet Sharan
Updated Date:June 12, 2026 8:49 AM IST

Iranian Military Sites: विशेषज्ञों ने ईरान की वायुसेना के जेट, युद्धपोतों और बैलिस्टिक मिसाइल फैसेलिटी को हुए नुकसान की पुष्टि की है.

Advertising
Advertising

Iranian Military Sites: 28 फरवरी, 2026 को अमेरिका-इजरायल के हमलों में ईरान के 50 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा है. नई सैटेलाइट तस्वीरों से ये जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के जिन सैन्य ठिकानों को हवाई हमलों में ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा है, उनमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) का मुख्यालय, एयर फोर्स के जेट, युद्धपोतों और बैलिस्टिक मिसाइल फैसेलिटी शामिल हैं.

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों से साफ पता चलता है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों ने ईरान के देश भर में मौजूद ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया है.

कुल 13,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि 4 महीने पहले संघर्ष शुरू होने के बाद से उन्होंने पूरे ईरान में 13,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं.

मिसाइल ठिकानों की मरम्मत कर रहा ईरान

एक महीने से ज्यादा समय से अस्थायी युद्धविराम लागू है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि तेहरान इस नाजुक युद्धविराम का इस्तेमाल कुछ अहम मिसाइल ठिकानों पर सुरंग के प्रवेश द्वारों की मरम्मत के लिए कर रहा है.

बड़ी बातें

  • 7 मार्च को मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मिलिट्री सेक्शन में हुए हमलों में कम से कम 17 विमान नष्ट हो गए
  • शिराज एयरबेस पर 2 से 17 अप्रैल के बीच हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों में कम से कम 13 विमानों को नुकसान पहुंचा
  • एक सैटेलाइट तस्वीर में शिराज एयरबेस पर विमानों को हुए नुकसान को दिखाया गया है
  • नेवी के हेडक्वार्टर, बंदर अब्बास नेवल बेस पर हुए हमलों में कई जहाजों और इमारतों को नुकसान पहुंचा
  • हमलों में ईरान के युद्धपोतों के बेड़े को भी निशाना बनाया गया है
  • कोनारक नेवल बेस पर भी कई जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए

ईरान में कुल कितने ठिकाने

विशेषज्ञों ने ईरान भर में 51 सैन्य ठिकानों पर हुए नुकसान को रिकॉर्ड करने के लिए 'प्लैनेट' की पुरानी तस्वीरों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रदाताओं का इस्तेमाल किया. यह विश्लेषण शायद केवल आंशिक आकलन है क्योंकि कई ईरानी सुविधाएं गुप्त रखी जाती हैं. निजी खुफिया कंपनी 'जेन्स' का अनुमान है कि ईरान में कुल 197 सैन्य और आईआरजीसी ठिकाने हैं.

ईरान के हवाई क्षेत्र पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल

सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि एक दर्जन से ज़्यादा जगहों पर रनवे और विमानों को निशाना बनाया गया है. जानकारों का कहना है कि इससे ईरान के हवाई क्षेत्र पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल हो गया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने के आखिर में दावा किया था कि अमेरिका ने ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया है. उन्होंने अपनी बहू और फॉक्स न्यूज़ की प्रेजेंटर, लारा ट्रंप से कहा, उनकी नौसेना पूरी तरह खत्म हो गई है - 100 प्रतिशत. वायु सेना पूरी तरह खत्म हो गई है - 100 प्रतिशत.

अभी क्या है युद्ध में हालात

मंगलवार और बुधवार की रात, खाड़ी में अमेरिका का एक हेलीकॉप्टर गिराए जाने के बाद अमेरिका और ईरानी सेनाओं के बीच नए सिरे से हमले हुए है. पिछले सप्ताहांत में, ईरान और इजरायल के बीच भी हमले हुए, जिसमें इजरायल ने दक्षिणी बेरूत के साथ-साथ ईरान के सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें