America Georgia Plane Emergency Landing On Busy Road Watch Viral Video
VIDEO: चलती सड़क पर प्लेन की क्रैश लैंडिंग, मची अफरा-तफरी, कई कारों को मारी टक्कर
Plane Crash Video: अमेरिका से एक दिल दहला देने वाले विमान हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें तकनीकी खराबी के कारण विमान को चलती सड़क पर ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.
Viral Video: अमेरिका के जॉर्जिया के गेन्सविले में उस समय हड़कंप मच गया जब दोपहर के समय एक सिंगल इंजन वाला छोटा विमान अचानक बीच सड़क पर उतरने लगा. यह विमान ली गिल्मर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ा था और कैंटन की ओर जा रहा था. लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई.
संघीय विमानन प्रशासन के अनुसार, दोपहर करीब 12:10 बजे पायलट ने इंजन फेल होने की सूचना दी. विमान में इतनी शक्ति नहीं बची थी कि वह हवा में टिक सके या वापस रनवे तक पहुंच सके. मजबूरन पायलट को ब्राउन्स ब्रिज रोड जैसे बिजी इलाके में लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा.
“मेरी पत्नी को कहना मैं उससे प्यार करता हूं”
इस हादसे का सबसे भावुक हिस्सा वह ऑडियो है, जो एयर ट्रैफिक कंट्रोल के पास रिकॉर्ड हुआ. जब विमान तेजी से सड़क की ओर गिर रहा था, तब पायलट ने ‘मे डे’ कॉल किया. पायलट को लगा कि अब उसका अंत करीब है. उसने रेडियो पर कहा, “हम एयरपोर्ट तक नहीं पहुंच पाएंगे. प्लीज, मेरी पत्नी को बता देना कि मैं उससे बहुत प्यार करता हूं और मेरे माता-पिता को भी, मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं.”
यह संदेश उस तनाव और डर को दर्शाता है जो एक पायलट अपनी जान जोखिम में डालकर महसूस कर रहा था. लेकिन मौत के इतने करीब होने के बावजूद पायलट ने सूझबूझ नहीं खोई.
गाड़ियों से टकराया विमान
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान सड़क पर उतरते ही वहां चल रही गाड़ियों से टकरा गया. पुलिस के मुताबिक, विमान का विंग एक गाड़ी से टकराया, जिससे प्लेन का फ्यूल टैंक अलग होकर एक एसयूवी के पिछले हिस्से में जा घुसा.
विमान ने कुल तीन वाहनों को टक्कर मारी. गनीमत यह रही कि इतनी भीषण क्रैश लैंडिंग और गाड़ियों से टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई. विमान में सवार लोगों और सड़क पर चल रहे यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं.
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है. शुरुआती रिपोर्ट में इसे इंजन की खराबी बताया गया है. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पायलट की सूझबूझ की वजह से ही कोई बड़ा धमाका या आग लगने जैसी घटना नहीं हुई.
व्यस्त सड़क पर लैंडिंग करना किसी भी पायलट के लिए सबसे कठिन चुनौतियों में से एक होता है, क्योंकि वहां न केवल अपनी जान का खतरा होता है, बल्कि जमीन पर चल रहे सैकड़ों लोगों की सुरक्षा भी दांव पर होती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.