48 घंटे में दूसरी बार अंधाधुंध फायरिंग से सहमा अमेरिका, स्कूल के बाद अब बार में चली गोलियां; 4 लोगों की मौत

South Carolina Bar: रविवार तड़के करीब 1 बजे विलीज बार एंड ग्रिल में भारी भीड़ जमा थी. अचानक अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.

Published date india.com Published: October 12, 2025 9:16 PM IST
48 घंटे में दूसरी बार अंधाधुंध फायरिंग से सहमा अमेरिका, स्कूल के बाद अब बार में चली गोलियां; 4 लोगों की मौत

South Carolina Bar: अमेरिका में अंधाधुंध हो रही फायरिंग का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. 48 घंटे के भीतर दो बार हुई मास फायरिंग में अब तक 8 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. शुक्रवार देर रात स्कूल में फायरिंग के दौरान 4 लोगों की मौत हो गई थी, इसके कुछ घंटे बाद ही साउथ कैरोलिना स्थित एक बार में हुई फायरिंग में 4 लोगों की जान चली गई और 20 लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी रविवार तड़के सेंट हेलेना द्वीप स्थित विलीज बार एंड ग्रिल में हुई. मौके पर जब पुलिस की टीम पहुंची थी, कई लोग घायल अवस्था में मदद का इंतजार कर रहे थे और अफरा-तफरी मची हुई थी.

20 से ज्यादा लोग घायल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार तड़के करीब 1 बजे विलीज बार एंड ग्रिल में भारी भीड़ जमा थी. अचानक अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. ब्यूफोर्ट काउंटी शेरिफ ऑफिस के मुताबिक, डिप्टीज पहुंचे तो मौके पर 4 लोग पहले ही आखिरी सांसें गिन चुके थे. 20 से ज्यादा लोग घायल थे, जिनमें 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है. गवाहों ने बताया कि लोग चीखते-चिल्लाते पास की दुकानों और घरों में शरण लेने दौड़े.

हाईस्कूल के फुटबॉल मैच के बाद फायरिंग

सोशल मीडिया पर शेरिफ ऑफिस ने लिखा, ‘ये दुखद हादसा सबके लिए मुश्किल है. जांच जारी है, पीड़ितों के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं.’ यूएस रिप्रेजेंटेटिव नैन्सी मेसी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘पूरी तरह टूट गए हैं, भगवान सबको शक्ति दे.’ संदिग्धों की तलाश जारी है, लेकिन अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. ये गोलीबारी 48 घंटे पहले मिसिसिपी के लेलैंड शहर में हुई फायरिंग की याद दिला गई. शुक्रवार रात हाईस्कूल के फुटबॉल मैच के बाद होमकमिंग उत्सव में जश्न मनाने इकट्ठा सैकड़ों लोग थे.

आरोपी की तलाश जारी

मुख्य सड़क पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें 4 लोग मारे गए और 12 से ज्यादा घायल हो गए. मेयर जॉन ली ने सीबीएस को बताया, ‘शहर की आबादी महज 4 हजार है, लेकिन शुक्रवार को भीड़ असामान्य थी. पूर्व छात्र फुटबॉल मैच के बाद सड़क पर मस्ती कर रहे थे.’ 4 घायलों को एयरलिफ्ट कर जैक्सन के अस्पताल ले जाया गया. सीनेटर डेरिक सिमंस ने कहा, ‘कुल 20 लोगों को गोलियां लगीं. मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई.’ मिसिसिपी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एमबीआई) और लोकल पुलिस जांच कर रही है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें America की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.