क्या ईरान को कई भाग में तोड़ने की योजना बना रहे हैं अमेरिका-इजरायल? डिफेंस एक्सपर्ट ने समझाया पूरा प्लान

Written By: Shivendra Rai Updated by: Shivendra Rai
Updated Date:March 20, 2026 2:54 PM IST

कमर आगा ने कहा कि ईरान को कई टुकड़ों में तोड़ने के अलावा अमेरिका और इजरायल इसके सभी बड़े ऊर्जा स्त्रोतों को नष्ट करना चाहते हैं ताकि ईरान की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाए.

US-Israel-Iran War:  ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले लगातार जारी हैं. हवाई हमलों में ईरान के कई नेता और कमांडर मारे जा चुके हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कह रहे हैं कि ये सैन्य अभियान जल्द ही अपने सभी उद्देश्य पूरे कर लेगा और युद्ध लंबा नहीं खिंचेगा. लेकिन, जमीन पर हालात अलग ही नजर आ रहे हैं. ईरान न हार मानने को तैयार है न ही पड़ोसी खाड़ी देशों पर हमले रोक रहा है. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारत के डिफेंस एक्सपर्ट कमर आगा ने अपना अलग नजरिया पेश किया है. कमर आगा ने बताया है कि अमेरिका और इजरायल आखिर चाहते क्या हैं.

Advertising
Advertising

डिफेंस एक्सपर्ट कमर आगा ने क्या बताया?

अपने यूट्यूब चैनल पर कमर आगा ने कहा कि अमेरिका और इजरायल की असली योजना ईरान को कई टुकड़ों में तोड़ने की है. कमर आगा ने कहा, "अमेरिका-इजरायल की योजना ईरान को तोड़ने की है. ईरान में बलोच बहुल इलाका है, उसे तोड़कर पाकिस्तान के बलोचिस्तान से मिलाने की योजना है. जो कुर्दिश इलाका है, उसे तोड़कर इराकी कुर्दों से जोड़कर कुर्दिस्तान बनाना है. इसके अलावा जो अजारी बोलने वाला इलाका है उसे तोड़कर अजरबैजान से जोड़ने का प्लान है."

कमर आगा ने आगे कहा कि ईरान को कई टुकड़ों में तोड़ने के अलावा अमेरिका और इजरायल इसके सभी बड़े ऊर्जा स्त्रोतों को नष्ट करना चाहते हैं ताकि ईरान की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाए. ईरान को ऐसी स्थिति में ले जाने की योजना है जहां से वह दशकों तक अपने पैरों पर खड़ा न हो पाए. कमर आगा ने कहा कि ईरान की स्थिति गाजा जैसी बनाने की योजना पर काम चालू है.

परमाणु हमले का भी डर!

कमर आगा ने आगे कहा कि ईरान लगातार हमले झेलने के बाद भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है. वह अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों से इजरायल को नुकसान पहुंचाकर भारी झटका दे रहा है. ऐसे में इस बात की आशंका भी है कि इजरायल परमाणु हमला कर सकता है. कमर आगा ने बताया कि इजरायल का कट्टरपंथी धड़ा लंबे समय से ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की बात करता रहा है.

क्या अल अक्सा मस्जिद को खतरा है?

कमर आगा ने कहा कि इस युद्ध के कारण बड़ा खतरा अल अक्सा मस्जिद को भी है. डर इस बात का है कि इजरायल इस मस्जिद को भी निशाना बनाए. कमर आगा ने कहा कि ग्रेटर इजरायल बनाने के लिए अल अक्सा को शहीद किया जा सकता है और यरूशलम की इस्लामिक पहचान खत्म की जा सकती है. कमर आगा के अनुसार, अमेरिका इजरायल को कभी भी अल अक्सा पर हमले की मंजूरी नहीं देगा लेकिन, इजरायल कई बार अमेरिका की इच्छा के विपरित भी काम करता रहा है. इसलिए इस बार खतरा ज्यादा है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें