
Shivendra Rai
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले शिवेन्द्र राय को हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव है. वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से इतिहास में एमए ... और पढ़ें
Bangladesh unrest: बांग्लादेश में अराजकता और हिंसा का दौर समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार, 20 दिसंबर को लक्ष्मीपुर सदर उपजिला में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक नेता के घर को बाहर से बंद करके आग लगा दी गई. इस घटना में एक सात साल की बच्ची की जलकर मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि यह घटना वेस्ट मनसा गांव में बेलाल हुसैन के घर हुई. बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट द डेली स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, हुसैन एक बिजनेसमैन और भवानीगंज यूनियन BNP के सहायक संगठन सचिव हैं. इस घटना में BNP नेता और उनकी दो अन्य बेटियां, सलमा अख्तर, 16, और सामिया अख्तर, 14, गंभीर रूप से जल गईं. लाल का इलाज लक्षमीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है. दो बेटियों के शरीर का 50-60% हिस्सा जल गया है. बेहतर इलाज के लिए उन्हें ढाका भेजा गया है.
बेलाल हुसैन की मां हजीरा बेगम इस घटना की चश्मदीद रहीं. उन्होंने दावा किया कि भीड़ ने घर के दोनों दरवाजों को बंद कर दिया और पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी. हालांकि वह किसी भी हमलावर को पहचान नहीं सकीं.
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शनिवार को कहा कि एक हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मैमेनसिंह शहर में बृहस्पतिवार को कथित ईशनिंदा को लेकर भीड़ ने दीपू चंद्र दास (25) की पीटकर हत्या कर दी थी और शव को आग लगा दी थी. गिरफ्तार लोगों की उम्र 19 से 46 साल के बीच है.
पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाले दास को पहले भीड़ ने ईशनिंदा के आरोपों में पीटा और फिर मारकर पेड़ से टांग दिया. इसके बाद भीड़ ने मृतक के शव को ढाका-मैमेनसिंह राजमार्ग के किनारे छोड़ दिया और बाद में उसमें आग लगा दी. बता दें कि बांग्लादेश में पिछले साल अगस्त में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के अपदस्थ होने के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ सिलसिलेवार घटनाएं हुई हैं.
बांग्लादेश में ताजा हिंसा युवा नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद शुरू हुई है. हादी पिछले साल छात्रों के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शनों में शामिल प्रमुख नेताओं में से एक था. वह कट्टरपंथी विचारधारा का था और भारत विरोधी बयानों के लिए जाना जाता था. नकाबपोश बंदूकधारियों ने 12 दिसंबर को मध्य ढाका के विजयनगर इलाके में हादी के सिर में गोली मार दी थी. बाद में सिंगापुर में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई.
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में उस्मान हादी को शनिवार को राष्ट्रीय कवि काजी नजरूल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया. अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस अपनी सलाहकार परिषद के सदस्यों और सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमां के साथ माणिक मिया एवेन्यू स्थित संसद भवन परिसर के ‘साउथ प्लाजा’ में
हादी (32) के जनाजे की नमाज में शामिल हुए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.