Bilawal Bhutto Terrorist Saeed Azhar Extradition To India Amid Pakistan Tension
पाकिस्तान के तेवर पड़े नरम! भारत को आतंकी हाफिज और मसूद को सौंपने को तैयार हुआ PAK, बिलावल भुट्टो के बयान से हलचल तेज
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा कि अगर भारत कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करे, तो हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकियों को सौंपने में पाकिस्तान को आपत्ति नहीं होगी.
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक बड़ा बयान दिया है. दरअसल, अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में बिलावल से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर जैसे आतंकियों को भारत को सौंपेगा? इस पर उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों के बीच व्यापक वार्ता हो और भारत सहयोग करे, तो पाकिस्तान इसके खिलाफ नहीं होगा.
सईद और अजहर को लेकर पाकिस्तान का रुख
बिलावल ने साफ किया कि हाफिज सईद इस समय पाकिस्तान में आतंकवाद के फंडिंग के मामले में 33 साल की सजा काट रहा है. वहीं, मसूद अजहर को लेकर पाकिस्तान का दावा है कि वह अफगानिस्तान में छिपा हुआ है. पाकिस्तान की राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक एजेंसी (Nacta) दोनों संगठनों – लश्कर और जैश को पहले ही बैन कर चुकी है और इन आतंकियों के खिलाफ कुछ मामलों में कार्रवाई भी हुई है. लेकिन, बिलावल ने कहा कि भारत की ओर से जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गई हैं, जैसे सबूत पेश करना या गवाहों को पाकिस्तान भेजना, जिससे कोर्ट में सख्त केस बन पाता.
बिलावल ने भारत पर डाली देरी की जिम्मेदारी
पूर्व विदेश मंत्री का कहना है कि पाकिस्तान में किसी आतंकी को सजा दिलवाना तभी मुमकिन है, जब भारत कुछ बुनियादी प्रक्रियाओं का पालन करे. उनका इशारा गवाह, सबूत और कानूनी सहयोग की तरफ था. उन्होंने कहा कि जब तक भारत इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेता, तब तक सीमापार आतंकवाद पर मुकदमा चलाना मुश्किल है. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान इस मुद्दे पर लचीलापन दिखाने को तैयार है, बशर्ते भारत भी सकारात्मक भूमिका निभाए.
भरोसे और सहयोग की नई राह की बात
बिलावल भुट्टो ने इंटरव्यू में ये भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भरोसे की जरूरत है और यह नई असामान्यता जिसमें भारत बिना प्रक्रिया के सिर्फ कार्रवाई चाहता है, वह दोनों देशों के हित में नहीं है. उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर एक-दूसरे को दोष देने के बजाय मिलकर समाधान निकालने की बात कही. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत कई बार पाकिस्तान से आतंकियों की सुपुर्दगी की मांग कर चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.