चीन ने कर दिखाया कमाल! बना डाली आसमान में उड़ने वाली कार, जानें लॉन्च डेट से लेकर कीमत तक सब कुछ
Flying Car: चीन इस साल अपनी उड़ने वाली कार AirCab को यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी में है. आइए जानते हैं ये कब लॉन्च होगी और इसकी कीमत क्या है?
चीन अब उस दौर में पहुंच चुका है, जहां उड़ने वाली कार केवल फिल्मों में नहीं बल्कि सच में लोगों की जिंदगी में अपनी जगह बनाएंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन इस साल यानी 2026 में अपनी पहली फ्लाइंग कार से यात्रियों के लिए शुरू कर सकता है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, इन कारों की डिलीवरी इसी साल होने की उम्मीद है. चीनी सरकार का पूरा समर्थन और eVTOL यानी इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग तकनीक पर काम कर रही कंपनियों की तेजी से बढ़ती संख्या इस सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
कब से शुरू होगी उड़ने वाली कारों की डिलीवरी?
CCID कंसल्टिंग की रिपोर्ट बताती है कि उड़ने वाली कार बनाने वाली कम से कम 7 कंपनियां साल खत्म होने से पहले अपनी डिलीवरी शुरू कर सकती हैं. यही नहीं, शंघाई, शेन्जेन और चोंगकिंग जैसे बड़े शहरों की स्थानीय सरकारें कम ऊंचाई वाले हवाई क्षेत्र से जुड़े नियमों को आसान बनाने की तैयारी कर रही हैं. इसका मतलब है कि 1,000 मीटर से नीचे उड़ने वाले वाहनों को वाणिज्यिक तौर पर इस्तेमाल करने की अनुमति मिलने का रास्ता साफ हो रहा है. इससे एयर टैक्सी और फ्लाइंग कार सेवाओं को कानूनी मान्यता मिल सकेगी.
प्री-ऑर्डर के लिए मची होड़
चीन की सरकारी ऑटोमोबाइल कंपनी GAC की फ्लाइंग कार यूनिट GOVY ने इस सेक्टर में सबसे ज्यादा हलचल मचा दी है. कंपनी का कहना है कि उसे अपनी फ्लाइंग कार के लिए 2,000 से ज्यादा प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं, जिनकी कुल कीमत 3.3 बिलियन युआन से ज्यादा है. विश्लेषकों के मुताबिक, इतने बड़े स्तर पर ऑर्डर मिलना इस बात का संकेत है कि फ्लाइंग कारों का कमर्शियल ऑपरेशन उम्मीद से कहीं पहले शुरू हो सकता है और लोग इस तकनीक को अपनाने के लिए तैयार हैं.
डिस्क्लेमर: यह वीडियो एक्स (X) से लिया गया है. India.Com इसकी पुष्टि नहीं करता.
AirCab होगा फ्लाइंग कार का नाम
GOVY की फ्लाइंग कार का नाम AirCab है, जिसे चीन की पहली मास-प्रोड्यूस्ड उड़ने वाली कार माना जा रहा है. इसकी प्री-ऑर्डर कीमत करीब 1.68 से 1.69 मिलियन RMB है, जो भारतीय रुपये में लगभग 2.15 करोड़ बैठती है. यह कार इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है और सीधा ऊपर उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है. कंपनी का दावा है कि यह शहरी ट्रैफिक की समस्या का एक बड़ा समाधान बन सकती है.
किन लोगों को पहले होगी डिलीवरी?
फिलहाल, चीन में उड़ने वाली कारों का इस्तेमाल आम यात्रियों के लिए तुरंत शुरू नहीं होगा. शुरुआती दौर में इनका उपयोग टूरिस्ट स्पॉट्स पर घूमाने, सामान की डिलीवरी, इमरजेंसी सेवाओं और पुलिस सर्विलांस जैसे कामों के लिए किया जाएगा. इसके बाद कॉर्पोरेट ग्राहकों के लिए एयर ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जाएगी. सरकार और कंपनियों का मानना है कि जब लोग इस तकनीक के आदी हो जाएंगे, तब फ्लाइंग कारें रोजमर्रा की यात्रा का हिस्सा बन सकती हैं और सड़क पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत दे सकती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें