
Akarsh Shukla
मैं, आकर्ष शुक्ला, पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हूं और वर्तमान में India.com Hindi (ZEE Media) में शिफ्ट इंचार्ज की जिम्मेदारी निभाते हुए नेशनल टीम का नेतृत्व ... और पढ़ें
Britain General Election : ब्रिटेन आम चुनाव में ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को भारी मतों से हराने के बाद लेबर पार्टी के नेता कीर स्टॉर्मर यूके के नए प्रधानमंत्री बन गए हैं. वहीं, एंजेला रेनेर को डिप्टी पीएम बनाया गया है. बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद स्टॉर्मर आधिकारिक रूप से ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बन गए. महाराजा चार्ल्स तृतीय ने उनसे अगली सरकार बनाने को कहा. निवर्तमान प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है और उनकी कंजर्वेटिव पार्टी को इतिहास की सबसे बुरी चुनावी हार का सामना करना पड़ा है. चुनाव नतीजों के बाद ऋषि सुनक (44) ने महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. कीर स्टॉर्मर के नेतृत्व वाली लेबर पार्टी को संसद में बहुमत के लिए आवश्यक 326 सीट पर जीत मिल गई. लेबर पार्टी 14 वर्ष के बाद सत्ता में आई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व के कई नेताओं ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर को शुक्रवार को बधाई दी. ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बनने के बाद कीर स्टॉर्मर ने शुक्रवार को पीएम के तौर पर अपनी पहली स्पीच दी. ब्रिटेन के प्रमुख किंग चार्ल्स तृतीय के सरकार बनाने के अनुरोध को स्वीकार करने के बाद स्टार्मर ने डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘परिवर्तन का काम तुरंत शुरू होता है. लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है, हम ब्रिटेन का पुनर्निर्माण करेंगे. हमारा काम अत्यावश्यक है और हम इसे आज से ही शुरू कर रहे हैं. देश पहले पार्टी उसके बाद.’ बता दें कि ब्रिटेन के आम चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था. लेबर पार्टी को 200 से अधिक सीट की बढ़त के साथ भारी जीत दिलाने के बाद स्टार्मर ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बने और उन्होंने ऋषि सुनक की जगह ली.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्मर ने कहा कि देश ने परिवर्तन के लिए और सार्वजनिक सेवा में राजनीति की वापसी के लिए निर्णायक रूप से मतदान किया. जब लोगों द्वारा किए गए त्याग और राजनीतिक नेताओं से प्राप्त सेवा के बीच अंतर काफी बढ़ जाता है, तो इससे राष्ट्र के हृदय में निराशा उत्पन्न हो जाता है, आशा, भावना, बेहतर भविष्य में विश्वास खत्म हो जाता है. हमें एक साथ आगे बढ़ने की जरूरत है. स्टार्मर ने कहा कि यह घाव, ‘केवल कार्रवाई से ठीक किया जा सकता है, शब्दों से नहीं.’ उन्होंने कहा कि वह इस साधारण स्वीकारोक्ति के साथ तुरंत काम शुरू करने का इरादा रखते हैं कि सार्वजनिक सेवा एक विशेषाधिकार है और इस सरकार को इस देश में हर एक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए.
स्टार्मर ने देश के बनुयादी ढांचे का पुनर्निर्माण करने का वादा किया. उन्होंने कहा, ‘आपने हमें स्पष्ट जनादेश दिया है और हम इसका उपयोग बदलाव लाने तथा अपने देश को एकजुट करने के लिए करेंगे.’ स्टार्मर ने कहा कि दुनिया ‘काफी अस्थिर है’ और ‘किसी देश को बदलना स्विच दबाने जैसा नहीं है. इसमें थोड़ा समय लगेगा’. स्टार्मर ने भीड़ से कहा कि बहुत लंबे समय तक आंखें मूंद ली गईं जिससे ‘लाखों लोग अधिक असुरक्षा में डूब गए हैं’. उन्होंने कहा, ‘मैं सम्मान और विनम्रता के साथ आप सभी को राष्ट्रीय नवीनीकरण के मिशन में सेवा भाव वाली इस सरकार में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं.’ स्टार्मर ने कहा, ‘मेरी सरकार आपकी सेवा करेगी, राजनीति जनकल्याण के लिए शक्ति बन सकती है.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.