आसमान में उठा आग का तूफान! फ्रांस में पहली बार दिखा खतरनाक Fire Cloud, जानिए क्यों है बड़ा खतरा
फ्रांस के गिरोंद (Gironde) इलाके में पहली बार एक विशाल 'फायर क्लाउड' दिखाई दिया, जिसे वैज्ञानिक भाषा में Pyrocumulonimbus कहा जाता है. ये कोई सामान्य बादल नहीं होता. यह तब बनता है जब जंगल की आग इतनी ज्यादा तेज हो जाती है कि उससे उठने वाली गर्म हवा और धुआं आसमान में बहुत ऊपर तक पहुंच जाता है.
फ्रांस में फायरफाइटर्स आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. (Photo/X)
फ्रांस में इन दिनों जंगलों की आग ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं. इसी बीच आसमान में एक ऐसा नजारा दिखाई दिया, जिसने वैज्ञानिकों और फायरफाइटर्स की चिंता बढ़ा दी है. फ्रांस के गिरोंद (Gironde) इलाके में पहली बार एक विशाल 'फायर क्लाउड' दिखाई दिया, जिसे वैज्ञानिक भाषा में Pyrocumulonimbus कहा जाता है. ये कोई सामान्य बादल नहीं होता. यह तब बनता है जब जंगल की आग इतनी ज्यादा तेज हो जाती है कि उससे उठने वाली गर्म हवा और धुआं आसमान में बहुत ऊपर तक पहुंच जाता है. इसके बाद यह गर्म हवा बादल का रूप ले लेती है और कई बार खुद तूफान जैसी स्थिति पैदा कर सकती है.
फायरफाइटर्स को आग काबू पाने में हुई मुश्किल
इस तरह के बादल आग को और खतरनाक बना सकते हैं. इनके कारण तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे आग तेजी से फैलने लगती है. यही वजह है कि फायरफाइटर्स के लिए ऐसी आग पर काबू पाना और मुश्किल हो जाता है. फ्रांस में इस घटना को देश के सबसे खराब जंगल की आग के मौसम से जोड़कर देखा जा रहा है. बढ़ती गर्मी, लंबे समय तक सूखा और बदलती हवाओं ने जंगलों में आग फैलने का खतरा बढ़ा दिया है.
कैसे बनता है Fire Cloud?
जब जंगल में बहुत बड़ी आग लगती है तो उससे भारी मात्रा में गर्म हवा, धुआं और राख ऊपर उठती है. गर्म हवा ऊपर जाकर ठंडी होती है और उसमें मौजूद नमी के साथ मिलकर एक विशाल बादल बना देती है. अगर यह प्रक्रिया बहुत ज्यादा ताकतवर हो जाए तो यह बादल बिजली गिरने और तेज हवाओं जैसी स्थिति भी पैदा कर सकता है. कई बार यह बादल अपने आसपास के मौसम को भी प्रभावित करने लगता है.
क्यों बढ़ रही है चिंता?
वैज्ञानिकों का कहना है कि दुनिया में बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के कारण जंगलों में लगने वाली आग ज्यादा खतरनाक होती जा रही है. पहले जहां आग सिर्फ जमीन पर फैलती थी, अब कई जगहों पर वह इतना बड़ा रूप ले रही है कि अपना मौसम तक बनाने लगी है. Pyrocumulonimbus बादल सिर्फ आग बुझाने में परेशानी नहीं पैदा करते, बल्कि यह आग को नए इलाकों तक पहुंचाने का कारण भी बन सकते हैं.
यूरोप में बढ़ रहा है जंगल की आग का खतरा
यूरोप के कई हिस्सों में पिछले कुछ वर्षों में जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ी हैं. वैज्ञानिक इसके पीछे बढ़ता तापमान, कम बारिश और लंबे समय तक चलने वाली गर्म हवाओं को बड़ी वजह मानते हैं. फ्रांस में दिखा यह फायर क्लाउड एक चेतावनी की तरह देखा जा रहा है कि बदलते मौसम के कारण आने वाले समय में ऐसी घटनाएं और ज्यादा देखने को मिल सकती हैं.
फिलहाल फ्रांस में फायरफाइटर्स आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे खतरनाक फायर क्लाउड बनने की घटनाएं भविष्य में दुनिया के कई हिस्सों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें