Israel-Hamas war: इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने चेतावनी दी है कि अगर हमास शर्तें नहीं मानता है तो गाजा शहर तबाह हो सकता है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में काट्ज़ ने कहा कि जल्द ही गाजा में हमास के हत्यारों और बलात्कारियों के सिर पर नर्क के द्वार खुल जाएंगे.
एक्स पर किए पोस्ट में इजरायली रक्षा मंत्री ने लिखा, “हमने कल गाजा में हमास को हराने की आईडीएफ की योजनाओं को मंज़ूरी दे दी है जिसमें भारी गोलाबारी, निवासियों को निकालना और युद्धाभ्यास शामिल हैं. जल्द ही, गाजा में हमास के हत्यारों और बलात्कारियों के सिर पर नर्क के द्वार खुल जाएंगे. जब तक कि वे युद्ध समाप्त करने के लिए इज़राइल की शर्तों, मुख्य रूप से सभी बंधकों की रिहाई और उनके निरस्त्रीकरण, पर सहमत नहीं हो जाते. अगर वे सहमत नहीं होते हैं तो हमास की राजधानी गाजा, राफा और बेत हनून बन जाएगी. जैसा मैंने वादा किया था वैसा ही होगा.”
नेतन्याहू ने दी है गाजा पर कब्जे की मंजूरी
इजराइली रक्षा मंत्री की ये चेतावनी प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा सेना को गाजा शहर पर कब्जा करने की अनुमति देने की घोषणा के एक दिन बाद आई है. इजराइली सेना ने उत्तरी गाज़ा में लोगों से दक्षिण की ओर जाने का आग्रह किया है. इजरायल ने 60,000 रिज़र्व सैनिकों को वापस बुलाने और 20,000 अन्य सैनिकों की सेवा बढ़ाने की योजना की भी घोषणा की है. गाज़ा शहर के उन इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है जहां माना जाता है कि हमास का अभी भी सैन्य और शासन नियंत्रण है.
इज़राइल का दावा है कि अब लगभग गाजा के 75% क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है. निवासियों का कहना है कि गाज़ा में कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है. गुरुवार को गाज़ा में इजरायली हमले जारी रहे. हमलों में कम से कम 36 फ़िलिस्तीनी मारे गए.
इजराइल ने किसी भी युद्धविराम से पहले सभी बंधकों की रिहाई और हमास के पूर्ण निरस्त्रीकरण की मांग की है. दूसरी तरफ हमास की कहना है कि अगर युद्ध समाप्त होता है तो वह बंदियों को रिहा करने के लिए तैयार है. लेकिन फ़िलिस्तीनी राज्य के निर्माण के बिना हमास ने हथियार डालने से इनकार कर दिया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.