Pakistan Govt Formation: पाकिस्तान में आम चुनाव के नतीजे आए कई दिन बीत जाने के बाद भी सरकार का गठन नहीं हो सका है. सरकार गठन को लेकर पार्टियां जोड़-तोड़ में लगी हुई हैं. इन सबके बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो (Bilawal Bhutto) का एक बयान सुर्खियां बटरो रहा है. बिलावल ने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी व पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ (Nawaz Sharif) की पार्टी के बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर हुए सत्ता साझेदारी फॉर्मूले को अस्वीकार कर दिया है और कहा है कि वह जनादेश के बिना शीर्ष पद नहीं लेना चाहते. पाकिस्तान के 35 वर्षीय पूर्व विदेश मंत्री बिलावल PPP की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार थे.
पाकिस्तान में 8 फरवरी को हुए नेशनल असेंबली के चुनावों में बिलावल की पार्टी 54 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही थी. वहीं, जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने 101 सीटें और नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने 75 सीटों पर जीत हासिल की थी. सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 266 सदस्यीय नेशनल असेंबली में 133 सीटों पर जीत हासिल करनी थी. हालांकि इस बार 265 सीटों पर चुनाव लड़ा गया था.
PPP और PML-N ने चुनाव के बाद गठबंधन बनाया था और दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच कई बैठकों के बावजूद सत्ता-साझा करने के फॉर्मूले पर आम सहमति नहीं बन पाई. सिंध प्रांत में PPP की जीत का जश्न मनाने के लिए थट्टा में एक रैली को संबोधित करते हुए बिलावल ने कहा, ‘मुझसे (PML-N) ने कहा था कि हमें तीन साल के लिए प्रधानमंत्री बनने दें और फिर शेष 2 वर्षों के लिए आप प्रधानमंत्री पद ले सकते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें मना कर दिया. मैंने कहा कि मैं इस तरह से प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहता.’ बिलावल ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री तभी बनूंगा जब पाकिस्तान के लोग मुझे चुनेंगे.’
बिना किसी का नाम लिए बिलावल ने कहा कि पार्टी ने फैसला किया है कि वह सरकार में कोई मंत्रालय नहीं मांगेगी. बिलावल ने यह भी कहा कि उनके पिता आसिफ अली जरदारी राष्ट्रपति पद के लिए PPP के उम्मीदवार होंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी राजनीतिक तनाव को कम करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे. उन्होंने कहा, ‘देश में फैली आग पर काबू पाने के लिए हमने फैसला किया है कि राष्ट्रपति चुनाव में आसिफ अली जरदारी हमारे उम्मीदवार होंगे. जब वह (आसिफ अली जरदारी) पद संभालेंगे तो इस आग को बुझाकर केंद्र व प्रांतों को बचाएंगे.’ बिलावल ने कहा कि देश को एक ऐसे राजनीतिक दल की जरूरत है, जो लोगों की समस्याओं के बारे में बात करे. उन्होंने कहा कि बढ़ते आर्थिक और राजनीतिक संकट ने समाज को विभाजित कर दिया है.
(इनपुट: एजेंसी)
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.