
Shivendra Rai
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले शिवेन्द्र राय को हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव है. वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से इतिहास में एमए ... और पढ़ें
Iran protests: ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों को लेकर दुनिया भर में कयास लगाए जा रहे थे कि अमेरिका अयातुल्ला के इस्लामिक शासन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है. हालांकि अमेरिका ने ऐसा नहीं किया. अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका को ऐसा करने से ईरान के सबसे बड़े दुश्मन इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रोका था.
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, बेंजामिन नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की थी और मिलिट्री हमले न करने के लिए मनाया था. बेंजामिन नेतन्याहू को इस बात की आशंका थी कि ऐसा करने से ईरान बदले में सबसे पहले इजराइल पर ही जवाबी हमला करेगा. नेतन्याहू ने ट्रंप से बात करने से पहले अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से भी बात की थी. इसी दिन व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने ईरान के खिलाफ मिलिट्री विकल्पों पर चर्चा करने के लिए बैठक की थी. लेकिन, बेंजामिन नेतन्याहू से बात के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से कहा कि ईरान ने सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों को फांसी देने का फैसला टाल दिया है. इसलिए मामले का कूटनीतिक हल खोजा जाएगा.
कतर, सऊदी अरब, ओमान और मिस्र समेत दूसरे खाड़ी देशों ने भी डोनाल्ड ट्रंप से हमले न करने को कहा था. उन्हें डर था कि इससे इलाके में जंग छिड़ सकती है.खाड़ी देशों के सीनियर अधिकारियों ने ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों से इस बारे में कई बार बात की. इजरायली और अरब अधिकारियों दोनों को डर था कि अमेरिका के हमले के जवाब में ईरान उनके देशों पर हमला कर सकता है. अरब देश न सिर्फ अमेरिका से बल्कि टॉप ईरानी अधिकारियों के साथ भी बातचीत कर रहे थे.
डेली मेल की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने ईरान पर हमला करने के मिलिट्री ऑप्शन को खत्म नहीं किया है और उनका फैसला अभी भी इस बात पर निर्भर करता है कि ईरानी अधिकारी बाकी विरोध प्रदर्शनों से कैसे निपटते हैं. बता दें कि पिछले कुछ हफ्तों में ईरान में सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं. इसमें 2500 लोगों के मारे जाने की खबर है. ईरान ने लगभग 18,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई ने संकेत दिए हैं कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ तेजी से सुनवाई होगी और फांसी की सजा दी जाएगी.
ईरान में हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं. ईरान से भारतीय नागरिक वापस लौट रहे हैं. 17 जनवरी, शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर ईरान से भारतीय नागरिकों का पहला जत्था उतरा. वापस आए लोगों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से इंटरनेट बंद था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.