ईरान ने पहली बार जारी किया अयातुल्ला खामेनई के तबाह घर का वीडियो, एयरस्ट्राइक में यहीं मारे गये थे ईरान के सर्वोच्च नेता

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:July 9, 2026 3:10 PM IST

ईरान ने यह वीडियो खामेनेई के 'सुपुर्द-ए-खाक' की रस्म से ठीक पहले जारी किया है. VIDEO में खामेनेई के घर पर हुए एयर स्ट्राइक के बाद की भारी तबाही दिख रही है.

ईरान ने पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के 'सुपुर्द-ए-खाक' से ठीक पहले उनके तबाह घर का पहला आधिकारिक फुटेज जारी किया है. वीडियो में खामेनेई के घर पर हुए एयर स्ट्राइक के बाद की भारी तबाही दिख रही है. मालूम हो कि फरवरी के आखिर में अमेरिका-इजरायल की तरफ से हुए एयरस्ट्राइक में खामेनेई की मौत हो गई थी. हमले में खामेनेई (86) के अलावा उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी. ईरान इंटरनेशनल इंग्लिश की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए वीडियो में खामेनेई के घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यही वह स्थान था जहां से खामेनेई अपने शासनकाल के दौरान जनता को संबोधित किया करते थे.

Advertising
Advertising

तेहरान स्थित इस आवास में अली खामेनेई अपनी पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह, चार बेटों (मुस्तफा, मोजतबा, मसूद और मेयसाम) और दो बेटियों (बोशरा और होदा) के साथ रहते थे. उनकी बेटी बोशरा की 14 महीने की बेटी ज़हरा मोहम्मदी गोलपायेगानी भी इसी घर में रहती थी. 28 फरवरी को हुए अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले में उसकी भी मौत हो गई थी.

आज सुपुर्द-ए-खाक होंगे अली खामेनेई

अली खामेनेई को आज (जुलाई, 09, 2026) ईरान के पवित्र शहर मशहद में इमाम रजा की दरगाह के पास 'सुपुर्द-ए-खाक' किया जाएगा. मशहद खामेनेई का पैतृक शहर भी है. इसके साथ ही छह दिनों तक चली अंतिम यात्रा का समापन होगा. ईरान के तेहरान से 4 जुलाई को खामनेई के अंतिम यात्रा की शुरुआत हुई थी. बुधवार (जुलाई, 08, 2026) को इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला से अंतिम यात्रा गुजरने के बाद खामेनेई का पार्थिव शरीर गुरुवार, 9 जुलाई को मशहद पहुंचेगा, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. तेहरान, कोम, नजफ और कर्बला से होकर निकली इस छह दिवसीय अंतिम यात्रा में दुनिया भर से लाखों लोग और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हुए.

ईरान-अमेरिका में फिर शुरू हुई जंग

इस बीच पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. अमेरिका ने कहा कि उसने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर कथित हमलों के जवाब में ईरान पर 'शक्तिशाली हमले' किए हैं. इसके कुछ घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम अब खत्म हो चुका है और वह किसी नए समझौते के पक्ष में नहीं हैं. तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के उद्घाटन भाषण में ट्रंप ने शांति समझौते को 'समय की बर्बादी' बताया. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते हमलों ने होर्मुज स्ट्रेट से समुद्री व्यापार सामान्य होने की उम्मीदों को फिर से झटका लगा है. यह मार्ग वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें