होर्मुज को लेकर फिर बढ़ा तनाव! ईरान ने किया बंद करने का दावा, अमेरिका बोला- जहाजों के लिए...

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:July 12, 2026 9:00 PM IST

ईरान ने होर्मुज बंद करने का दावा किया था, लेकिन अमेरिका ने कहा समुद्री रास्ता खुला है. जानिए घटनाक्रम पर ताजा अपडेट के बारे में और इसका दुनिया पर क्या असर होगा.

  • ईरान ने 12 जुलाई को होर्मुज स्ट्रेट फिर से बंद करने का ऐलान किया
  • वहीं अमेरिका का कहना है कि होर्मुज खुला है और जहाजों की आवाजाही जारी है
  • अमेरिका के ताजा हमलों के बाद ईरान ने कई खाड़ी देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए
  • होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है.

Iran-US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज को अगले आदेश तक बंद करने का दावा किया. इसी के कुछ घंटों बाद, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि यह समुद्री मार्ग पूरी तरह खुला है और जहाजों की आवाजाही जारी है. CENTCOM के मुताबिक, अमेरिकी सेना समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए तैनात है और किसी भी तरह की बाधा नहीं होगी.

Advertising
Advertising

अमेरिका बोला - होर्मुज पर ईरान का कंट्रोल नहीं

अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान होर्मुज को कंट्रोल नहीं करता और यहां जहाजों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है. CENTCOM के अनुसार, पिछले दो महीनों में उसने 800 से ज्यादा जहाजों और 40 करोड़ बैरल से ज्यादा कच्चे तेल के सुरक्षित आवागमन में मदद की है. वहीं, पिछले सात दिनों में 140 से ज्यादा जहाज इस मार्ग से गुजरे हैं. संयुक्त समुद्री सूचना केंद्र ने भी बताया कि ओमान के तट के पास दक्षिणी समुद्री मार्ग खुला है और जहाजों का संचालन जारी है.

ताजा हमलों ने बढ़ा दिया तनाव

AP न्यूज के मुताबिक, अमेरिका ने एक हफ्ते के अंदर तीसरी बार ईरान के ठिकानों पर हमला कर चुका है. इसके जवाब में ईरान ने कुवैत, कतर, जॉर्डन समेत कई खाड़ी देशों की ओर ड्रोन और मिसाइल हमले किए और होर्मुज को फिर से बंद करने का ऐलान किया. ईरान के दक्षिणी हिस्सों में कई धमाकों की भी खबरें सामने आईं, जिनमें ऊर्जा केंद्र, बंदरगाह और संचार ढांचे को नुकसान पहुंचने की सूचना है. हालांकि, खाड़ी देशों में हुए इन हमलों में बड़े पैमाने पर जनहानि की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है.

सीजफायर खत्म होते ही हमले तेज

बता दें अमेरिका और ईरान के बीच जून 2026 में संघर्ष रोकने के लिए एक अंतरिम समझौता हुआ था. लेकिन हाल के सैन्य हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्ते फिर बिगड़ गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा कि युद्धविराम अब खत्म हो चुका है. इस बीच, होर्मुज दोनों देशों के बीच सबसे बड़ा विवाद बन गया. यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा यहीं से गुजरता है. ऐसे में यहां पैदा होने वाला कोई भी तनाव केवल पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और तेल की कीमतों को प्रभावित करता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें