1 अप्रैल से अमेरिका पर सीधा हमला करेगा ईरान, Google, Apple समेत 18 कंपनियों दे डाली खुली चेतावनी
ईरान ने अमेरिकी कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर उसके नेताओं पर हमले जारी रहे तो वह पश्चिम एशिया में इन कंपनियों को निशाना बना सकता है. इससे वैश्विक तनाव और बढ़ने की आशंका है.
Iran Threat to US Companies: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है. ईरान की शक्तिशाली सैन्य इकाई ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने खुली चेतावनी दी है कि वह अमेरिकी कंपनियों को निशाना बना सकता है. ये चेतावनी ऐसे समय आई है जब क्षेत्र में पहले से ही सैन्य टकराव जारी है.
कौन-कौन सी कंपनी शामिल?
IRGC के बयान के अनुसार, अगर ईरान के नेताओं पर 'टारगेटेड हमले' जारी रहते हैं, तो इसका जवाब सिर्फ सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रहेगा. संगठन ने कहा है कि वह उन कंपनियों को भी निशाना बना सकता है, जिनका संबंध अमेरिका से है और जो क्षेत्र में काम कर रही हैं. इस चेतावनी में कई बड़ी कंपनियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, एप्पल, इंटेल, आईबीएम, टेस्ला और बोइंग जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं. इन कंपनियों की खाड़ी देशों, खासकर यूएई में बड़ी मौजूदगी है.
ईरान का आरोप है कि टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियां आधुनिक युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. IRGC का कहना है कि इन कंपनियों की तकनीक का इस्तेमाल सैन्य ऑपरेशनों और ड्रोन हमलों में किया जा रहा है, जिससे ईरान को नुकसान हो रहा है. इस बयान में एक निश्चित समयसीमा भी दी गई है. ईरान के अनुसार, 1 अप्रैल से ये कार्रवाई शुरू हो सकती है. इसके साथ ही कर्मचारियों को अपने कार्यस्थलों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
कितना पड़ेगा असर?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर ईरान अपने बयान पर अमल करता है, तो इसका असर सिर्फ मध्य पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा। इससे वैश्विक टेक इंडस्ट्री, व्यापार और निवेश पर भी गहरा असर पड़ सकता है. खासकर उन कंपनियों के लिए जोखिम बढ़ जाएगा, जिनकी मौजूदगी खाड़ी देशों में है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बयान को गंभीरता से लिया जा रहा है. कई देश स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी बड़े टकराव से बचने की कोशिश कर रहे है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें