इजराइल और हमास के बीच अस्थायी युद्धविराम शुक्रवार को समाप्त हो गया. सीजफायर का समय खत्म होने के बाद इजराइली सेना ने गाजा में हमास के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. सेना का कहना है कि उसके लड़ाकू विमान गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहे हैं. इससे पहले युद्धविराम बढ़ाए जाने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी. हमास और इजराइल के बीच मध्यस्थता कर रहे कतर ने अस्थायी युद्धविराम बढ़ाए जाने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी थी.
संघर्ष विराम शुक्रवार को सुबह सात बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार पांच बजे) समाप्त हो गया. यह संघर्ष विराम एक सप्ताह पहले, 24 नवंबर को शुरू हुआ था. शुरुआत में यह चार दिनों के लिए था और फिर कतर तथा सहयोगी मध्यस्थ मिस्र की मदद से इसे दो दिन के लिए तथा फिर एक दिन के लिए और बढ़ाया गया. सप्ताह भर के संघर्ष विराम की अवधि में गाजा में हमास और अन्य समूहों ने 100 से अधिक बंधकों को रिहा किया, जिनमें से अधिकतर इजरायली थे. बदले में इजरायल की जेलों से 240 फलस्तीनियों को रिहा किया गया. इजराइली सेना ने हमास पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. उसने कहा है कि युद्धविराम समाप्त होने पर उसने हमले शुरू कर दिए हैं.
हौथी विद्रोहियों ने इजराइल को दी चेतावनी
उधर, यमन के हौथी विद्रोहियों ने कहा है कि अगर इजराइल ने गाजा पट्टी में लड़ाई फिर से शुरू की तो वे इजराइल पर मिसाइल हमले शुरू करेंगे और लाल सागर में इजराइली जहाजों का अपहरण कर लेंगे. हौथी सैन्य प्रवक्ता येह्या सरिया ने गुरुवार को अल-मसीरा टीवी के हवाले से कहा, “अगर इजरायली दुश्मन गाजा के खिलाफ अपनी आक्रामकता फिर से शुरू करने का फैसला करता है, तो हम उसके खिलाफ सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के लिए अपनी पूरी तैयारी की पुष्टि करते हैं.
उन्होंने कहा, “हौती सेनाएं इजरायली इकाई के खिलाफ हमलों का विस्तार करने में संकोच नहीं करेंगी, इसमें ऐसे लक्ष्य भी शामिल होंगे, जिनकी इजरायल को जमीन या समुद्र पर उम्मीद नहीं होगी. प्रवक्ता ने कहा, “हम लाल सागर में इजरायली जहाजों को रोकना जारी रखेंगे और हम इस फैसले के पूर्ण कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए और कदम उठाएंगे.”
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हौथी धमकी गाजा पट्टी में इज़राइल और हमास के बीच एक सप्ताह के मानवीय संघर्ष विराम की अपेक्षित समाप्ति से कुछ घंटे पहले आई, इस दौरान दोनों पक्षों ने कैदियों के बदले बंधकों की अदला-बदली की थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.